Political News: यूपी में 2027 का चुनाव पूरी तैयारी से लड़ेगी JDU, मजबूत बूथ वाली सीटों पर फोकस, श्रवण कुमार बोले- गठबंधन पर फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा

Political News:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनता दल यूनाइटेडने अपनी सियासी तैयारियों को तेज करने का संकेत दिया है।

Shravan Kumar

Political News:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने अपनी सियासी तैयारियों को तेज करने का संकेत दिया है। ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री और जेडीयू विधायक दल के नेता सह यूपी संगठन प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी तैयारी के साथ लड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी उन्हीं विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करेगी, जहां जेडीयू की बूथ कमेटियां मजबूत हैं।

शनिवार को चुनार विधानसभा क्षेत्र के कैलाहट स्थित हंसराज मैरिज हॉल में आयोजित जेडीयू के मंडलीय कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे श्रवण कुमार ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी का संदेश दिया। गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि किस राजनीतिक दल के साथ गठबंधन होगा, इसका फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।

उन्होंने बताया कि बनारस में 24, 25 या 26 तारीख में से किसी एक दिन प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और अन्य मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।

बूथ कमेटियों को मजबूत करने पर जोर

जेडीयू उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर कमेटियां तैयार करने और प्रदेश कार्यालय में आवेदन देने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के साथ सदस्यता अभियान को भी तेज गति देने की अपील की।प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि 2027 की चुनावी तैयारी के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाना होगा। उन्होंने बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और सुशासन का हवाला देते हुए कहा कि यूपी में अवसर मिलने पर इसी तर्ज पर जनहित में काम किया जाएगा।

कार्यकर्ताओं में दिखा जोश

सम्मेलन के दौरान संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शीतला प्रसाद ने की, जबकि आयोजन जेडीयू मिर्जापुर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल उर्फ गुड्डू पटेल की ओर से किया गया। संचालन प्रदेश महासचिव भैया हरि शंकर पटेल ने किया।

सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष कल्पनाथ नाथ वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल, प्रदेश महासचिव संजय सिंह, अवधेश सिंह, सुशील पटेल, अभिषेक कुमार राय, प्रदेश सचिव संतोष पटेल, जयप्रकाश पटेल, अतुल प्रताप पटेल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।पार्टी के इस सम्मेलन से साफ है कि जेडीयू यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक जमीन मजबूत करने में जुट गई है। अब पार्टी की नजर मजबूत बूथ नेटवर्क वाली सीटों की पहचान और सदस्यता अभियान के जरिए अपना जनाधार बढ़ाने पर है।