Bihar Crime: BDO की पत्नी की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़, पुराना CCTV वायरल, सोशल मीडिया पर उबाल, पुलिस फिर से जांच में जुटी

Bihar Crime: दरभंगा जिले के जाले प्रखंड में पदस्थापित BDO मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद अब करीब एक साल पुराना सीसीटीवी फुटेज वायरल होने से पूरे प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है।...

Muzaffarpur BDO Wife Death Case
BDO की पत्नी की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़- फोटो : reporter

Bihar Crime: दरभंगा और मुजफ्फरपुर से जुड़ा एक संवेदनशील मामला अब नए सिरे से सुर्खियों में आ गया है। दरभंगा जिले के जाले प्रखंड में पदस्थापित BDO मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद अब करीब एक साल पुराना सीसीटीवी फुटेज वायरल होने से पूरे प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने मामले को और अधिक जटिल और विवादित बना दिया है, जिसके बाद पुलिस ने एक बार फिर जांच तेज कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले अमृता कुमारी की मौत को लेकर यह दावा सामने आया था कि उन्होंने मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित BDO आवास में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए BDO मनोज कुमार पर दूसरी महिला से अवैध संबंध और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। हालांकि BDO की ओर से इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया गया था।

इसी बीच अब जो सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है, वह कथित तौर पर 19 मार्च 2025 का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक महिला को जबरन पकड़कर वाहन में बैठाते हुए दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह महिला अमृता कुमारी ही हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है।

मीडिया जांच में यह भी सामने आया है कि उस समय अमृता कुमारी अपने आवास से यह कहकर निकली थीं कि वह आत्महत्या करने जा रही हैं, जिसके बाद वे अपने मायके या सहेली के घर गई थीं। जब काफी खोजबीन के बावजूद उनका पता नहीं चला तो परिजनों ने 19 मार्च 2025 को मुजफ्फरपुर के एक थाने में सनहा दर्ज कराया था।बाद में अमृता कुमारी वापस अपने आवास लौट आई थीं, लेकिन इसी दौरान पारिवारिक तनाव और विवाद की स्थिति बनी रही। वायरल वीडियो में यह भी देखा जा रहा है कि कुछ लोग उन्हें जबरन वाहन में बैठा रहे हैं, जबकि इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला के साथ धक्का-मुक्की की बात भी सामने आ रही है, जिसे लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।

अब इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस ने एक बार फिर पुराने और नए दोनों पहलुओं को जोड़कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की प्रामाणिकता, समय और परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि सच सामने आ सके।

फिलहाल यह मामला रहस्य और आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझा हुआ है, जहां एक तरफ संदिग्ध मौत है तो दूसरी तरफ वायरल सीसीटीवी ने कहानी को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक तस्वीर साफ हो सकेगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा