सबेरे सबेर ईडी की बड़ी दबिश, जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी के निदेशक के ठिकाने पर छापा, करोड़ों के कथित चिटफंड कांड की जांच तेज

Bihar ED Raid: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी के निदेशक के आवास पर अचानक छापेमारी कर दी।...

Munger ED Raids Jollywood Music Director Premises in Case
ईडी का छापा- फोटो : social Media

Bihar ED Raid:गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के आवास पर अचानक छापेमारी कर दी। नया टोला फूलका स्थित आवास पर ईडी की आधा दर्जन से अधिक अधिकारियों की टीम तड़के ही पहुंच गई और स्थानीय लोगों को भनक लगने से पहले ही जांच की कार्रवाई शुरू कर दी।

 मुंगेर के जमालपुर में गुरुवार ईडी की टीम ने घर में मौजूद लोगों से लंबी पूछताछ की और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाला। जांच एजेंसी की नजर खासतौर पर कंपनी के वित्तीय लेनदेन, निवेश से जुड़े कागजात और संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों से जुड़े सबूतों पर है। सूत्रों के मुताबिक, मामले के प्राथमिक आरोपित जयधन तांती और प्रिया राजीव रंजन से भी पूछताछ की जा रही है।

दरअसल, जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पर निवेशकों से कथित तौर पर करोड़ों रुपये जुटाने और बाद में फरार होने का आरोप लगा था। आरोप है कि कंपनी ने चिटफंड की तर्ज पर लोगों से निवेश कराया और बड़ी रकम लेने के बाद कंपनी कार्यालय में ताला लगा दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में निवेशकों ने जमालपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।

इस मामले में जमालपुर थाना कांड संख्या 224/24 दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि कंपनी ने आकर्षक योजनाओं का भरोसा देकर लोगों से पैसा जमा कराया, लेकिन बाद में निवेशकों की रकम वापस नहीं की गई। पुलिस जांच के दौरान कंपनी निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव फरार हो गए थे।

हालांकि बाद में उन्होंने मुंगेर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था, जिसके बाद से वह न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। अब ईडी ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन) और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के एंगल से जांच शुरू कर दी है।

जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कंपनी के जरिए कितनी रकम जुटाई गई, पैसा कहां-कहां निवेश किया गया और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल रहे। ईडी की कार्रवाई के बाद जॉलीवुड कंपनी से जुड़े लोगों और निवेशकों के बीच हलचल तेज हो गई है। आने वाले दिनों में जांच के दौरान कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।