एक रात साथ बिताओ... बिहार पुलिस के दारोगा की महिला से शर्मनाक डिमांड, एसपी ने लिया बड़ा एक्शन

वायरल ऑडियो में महिला और दारोगा के बीच भोजपुरी में बातचीत सुनाई दे रही है। बातचीत की शुरुआत में महिला कथित तौर पर कहती है कि सर, आप मेरी तरफ से काम नहीं कर रहे हैं। इस पर दारोगा की आवाज में जवाब सुनाई देता है, ‘तुम एक रात आओ, हम तुम्हारी तरफ हो जाएं

Motihari
Motihari - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के मोतिहारी से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सुगौली थाने में तैनात दारोगा शैलेश कुमार पर एक महिला से 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने और इसके अलावा एक रात साथ बिताने का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगा है। महिला और दारोगा के बीच करीब 11 मिनट की बातचीत का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की जांच के बाद मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने आरोपी दारोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।


वायरल ऑडियो में महिला और दारोगा के बीच भोजपुरी में बातचीत सुनाई दे रही है। बातचीत की शुरुआत में महिला कथित तौर पर कहती है कि सर, आप मेरी तरफ से काम नहीं कर रहे हैं। इस पर दारोगा की आवाज में जवाब सुनाई देता है, ‘तुम एक रात आओ, हम तुम्हारी तरफ हो जाएंगे।’


इसके बाद महिला पहले दिए गए चार हजार रुपये का जिक्र करती है। वह बताती है कि एक बार एक हजार और दूसरी बार तीन हजार रुपये दे चुकी है। इस पर दारोगा कथित तौर पर पूछते हैं कि पैसे कब दिए थे और फिर बाकी रकम को लेकर बातचीत होती है। ऑडियो में महिला पुलिस पदाधिकारी से अपने पक्ष में कार्रवाई करने की गुहार लगाती सुनाई देती है।


जमीन विवाद में मदद के नाम पर 20 हजार मांगने का आरोप

दरअसल, पूरा मामला सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव का बताया जा रहा है। यहां दो पड़ोसियों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। महिला अपनी जमीन से कथित अतिक्रमण हटवाने और दूसरे पक्ष के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कराने के लिए थाने पहुंची थी।


महिला का आरोप है कि इस मामले में मदद करने और दूसरे पक्ष को जेल भेजने की धमकी देने के नाम पर दारोगा शैलेश कुमार ने उससे 20 हजार रुपये की मांग की थी। महिला के मुताबिक, वह दो किस्तों में चार हजार रुपये दे भी चुकी थी। इसके बावजूद उससे बाकी रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी दौरान हुई बातचीत का कथित ऑडियो वायरल हो गया।


जांच के बाद एसपी ने लिया एक्शन

ऑडियो सामने आने के बाद मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने मामले को गंभीरता से लिया और इसकी जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद दारोगा शैलेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि सुगौली थाने में पदस्थापित दारोगा के विरुद्ध एक महिला से बातचीत का ऑडियो सामने आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई गई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।


एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार या पद के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

वहीं इस घटना ने एक बार फिर पुलिस थानों में आम लोगों की शिकायतों के निपटारे और पुलिसकर्मियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस पुलिस से पीड़ितों को न्याय और सुरक्षा की उम्मीद होती है, उसी पर मदद के बदले रिश्वत और आपत्तिजनक मांग करने का आरोप लगा है।

हिमांशु की रिपोर्ट