Bihar Crime: जमीन की लालच में मां की बेरहमी से हत्या, बड़े भाई को फंसाने की थी साजिश आरोपी बेटा गिरफ्तार

Bihar Crime: पूर्वी चंपारण जिले में मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है।...

Motihari Son Kills Mother Over Land Held Murder Case
जमीन की लालच में मां की बेरहमी से हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime: पूर्वी चंपारण  जिले में मां-बेटे के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। डुमरिया घाट थाना क्षेत्र के सरेया बदुराहा गांव में जमीन के लालच में कथित रूप से एक पुत्र ने अपनी 70 वर्षीय मां की सोते समय धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से चौंकाने वाला खुलासा किया है।

मृतका की पहचान पार्वती देवी (70) के रूप में हुई है। सोमवार सुबह घर में उनका खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

सूचना मिलने पर चकिया डीएसपी के नेतृत्व में डुमरिया घाट थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के छोटे पुत्र धर्मवीर सहित कुछ लोगों से पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर धर्मवीर पर संदेह गहराया। कड़ी पूछताछ में वह कथित रूप से टूट गया और अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने बताया कि बड़े भाई कमलदेव महतो द्वारा मां से जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी वजह से उसने कथित तौर पर रात में सो रही मां पर गड़ासे से हमला कर उनकी हत्या कर दी। आरोपी की कथित योजना थी कि हत्या का आरोप बड़े भाई पर लगे और जमीन पर उसका कब्जा हो जाए।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की वैज्ञानिक और कानूनी तरीके से जांच जारी है तथा सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि संपत्ति के विवाद किस तरह पारिवारिक रिश्तों को भी तार-तार कर सकते हैं। हालांकि, मामले में आरोपी का कथित स्वीकारोक्ति बयान जांच का हिस्सा है और अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया एवं अदालत के निर्णय के बाद ही तय होगा।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार