Bihar Crime:लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी का खेल बेनकाब, पर्यटन मंत्री के बेटे से 50 लाख मांगने वाला निकला करीबी रिश्तेदार, कई बदमाश हिरासत में

Bihar Crime:पर्यटन मंत्री के बेटे से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।....

Muzaffarpur Minister Close Aide Held in 50 Lakh Extortion Ca
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी का खेल बेनकाब- फोटो : reporter

Muzaffarpur:  मुजफ्फरपुर में पर्यटन मंत्री के बेटे से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने और वसूली करने की साजिश रची गई थी। पुलिस के अनुसार, रंगदारी मांगने वाला कोई बाहरी गिरोह नहीं बल्कि पर्यटन मंत्री के करीबी लोगों में शामिल एक व्यक्ति निकला है।

मामले में पुलिस ने पर्यटन मंत्री के करीबी समेत कई संदिग्ध बदमाशों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस रंगदारी के खेल के पीछे कितने लोग शामिल हैं और क्या किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से इसका कोई संबंध है।

जानकारी के अनुसार, पर्यटन मंत्री के पुत्र कृष्ण मुरारी से व्हाट्सएप मैसेज के जरिए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। धमकी भरे संदेश में रकम नहीं देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले और कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का सहारा लेकर भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही थी।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले इसी गिरोह द्वारा भाजपा के सक्रिय नेता रंजीत सहनी से भी 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। लगातार सामने आ रही रंगदारी की घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया।फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी बदमाशों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा और रंगदारी के इस नेटवर्क में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा