Bihar ATM Robbery: थाने से चंद कदम दूर SBI एटीएम को काटकर रुपए ले गए शातिर चोर, कानून-व्यवस्था पर बड़ा तमाचा, गश्ती टीम सस्पेंड

Bihar ATM Robbery: मेन रोड पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का एटीएम, जो थाना से महज कुछ ही दूरी पर मौजूद है, वहां अज्ञात शातिर बदमाशों ने देर रात खुलेआम धावा बोल दिया और एटीएम मशीन को ही काटकर रुपए ले गए।...

Motihari SBI ATM looted cash machine cut
SBI एटीएम को काटकर रुपए ले गए शातिर चोर- फोटो : social Media

Bihar ATM Robbery: बिहार में अपराधियों के हौसले पस्त हते नहीं दिख रहे हैं। ताबड़तोड़ आपराधियों घटनाओं से लोग त्रस्त है। ताजा मामला मोतीहारी ज़िले से, जहां से कानून-व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली बड़ी वारदात सामने आई है, जिसने पुलिस गश्ती व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेन रोड पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का एटीएम, जो थाना से महज कुछ ही दूरी पर मौजूद है, वहां अज्ञात शातिर बदमाशों ने देर रात खुलेआम धावा बोल दिया और एटीएम मशीन को ही काटकर रुपए  ले गए।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात उस इलाके में हुई जहां पुलिस की नियमित गश्ती होने का दावा किया जाता है। लेकिन बदमाशों ने बेखौफ अंदाज़ में वारदात को अंजाम देकर पुलिस को सीधी चुनौती दे डाली। मशीन को गैस कटर या अन्य उपकरणों से काटकर ले जाने की आशंका जताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार एटीएम में लाखों रुपये कैश होने की संभावना है, हालांकि बैंक अधिकारियों द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग और बैंक कर्मचारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। वहीं पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में ले लिया गया।

इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए मोतीहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित गश्ती पार्टी को निलंबित कर दिया है। एसपी ने साफ संकेत दिए हैं कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

इसके साथ ही पूरे मामले की जांच और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर दिया गया है। टीम को निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द इस हाई-प्रोफाइल चोरी का पर्दाफाश किया जाए और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाए। फिलहाल इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब थाना के इतने करीब एटीएम सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाज़ा खुद लगाया जा सकता है। पुलिस अब CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार