Bihar Crime:बिहार में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का सौदागरों के ब्लैक एम्पायर पर रेड, बरामद हुआ लाखों का कैश, नोट गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीनें

Bihar Crime: एनसीबी की टीम ने आधी रात को पॉश इलाकों को अपने घेरे में लेकर ऐसी सर्जिकल स्ट्राइक की कि नशा माफियाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

Motihari NCB Crackdown Cash Seized in Drug Network Raid
NCB का बड़ा क्रैकडाउन- फोटो : social Media

Bihar Crime: बिहार के सरहदी जिले पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो  ने जहर (ड्रग्स और गांजा) के सौदागरों के खिलाफ अब तक के सबसे बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया है। इस सनसनीखेज क्रैकडाउन से मोतिहारी से लेकर नेपाल बॉर्डर तक फैले नशीले पदार्थों के सिंडिकेट और अंडरवर्ल्ड में हड़कंप मच गया है। एनसीबी की टीम ने आधी रात को नगर थाना इलाके के पानी टंकी रोड और चांदमारी जैसे पॉश इलाकों को अपने घेरे में लेकर ऐसी सर्जिकल स्ट्राइक की कि नशा माफियाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

खुफिया रेकी के बाद जाल में फंसे दो गुर्गे

सूत्रों से मिली पुख्ता सूचना के मुताबिक, एनसीबी के आला अधिकारियों को इन इलाकों में ड्रग्स और गांजे की एक बहुत बड़ी खेप और काली कमाई ड्रग मनी के खपाए जाने का इनपुट मिला था। केंद्रीय एजेंसी ने पहले कई दिनों तक मोतिहारी के इन ठिकानों की बेहद गोपनीय तरीके से रेकी की।

जब नशा माफियाओं की हर एक लोकेशन लॉक हो गई, तो देर रात एनसीबी ने स्थानीय नगर थाने की पुलिस के साथ मिलकर एक साथ कई ठिकानों पर धावा बोल दिया। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान मौके से सिंडिकेट के दो शातिर गुर्गों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे बंद कमरे में बेहद कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

ड्रग मनी की गिनती के लिए मंगानी पड़ी मशीन

इस छापेमारी में जो सबसे सनसनीखेज वाकया सामने आया, वो था नशीले पदार्थों की बिक्री से जुटाए गए काले धन का अंबार। सूत्रों के अनुसार, नशा तस्करों के ठिकाने से 10 लाख रुपये से ज्यादा का कैश बरामद किया गया है।

काली कमाई का अंबार

बरामद नोटों का पुलिंदा इतना भारी था कि एनसीबी के जांबाज अधिकारियों के हाथ थक गए। आखिरकार, इस ड्रग मनी की सटीक गिनती के लिए नोट गिनने वाली मशीनें मंगवानी पड़ीं। एनसीबी की इस बड़ी चोट से मोतिहारी में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों की सप्लाई चेन पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि हिरासत में लिए गए तस्करों की निशानदेही पर कई और सफेदपोशों और ड्रग्स सिंडिकेट के आकाओं के चेहरों से बहुत जल्द नकाब उतरने वाला है।