नवादा पुलिस की बड़ी कामयाबी : हिसुआ में 3.10 लाख की लूट को कोढ़ा गैंग ने दिया था अंजाम, गैंग के 6 सदस्यों को किया गिरफ्तार

Bihar Crime : नवादा जिले के हिसुआ में एक व्यक्ति से हुए 3.10 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना को ओड़िसा कोढ़ा गैंग ने अंजाम दिया था। पुलिस ने इस गिरोह के 6 सदस्यों को धर दबोचा है.....

नवादा पुलिस की बड़ी कामयाबी : हिसुआ में 3.10 लाख की लूट को क
कोढ़ा गैंग के 6 सदस्य गिरफ्तार- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada :  जिले की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बैंक से पैसे निकालकर जा रहे व्यक्ति से हुई 3,10,000 की लूट का मामला मात्र 8 दिनों के भीतर सुलझा लिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (SP) अभिनव धीमान ने एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर पूरे मामले का खुलासा किया। इस दौरान उनके साथ हिसुआ के एसडीपीओ राहुल सिंह और थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार भी मौजूद रहे। एसपी ने बताया कि इस वारदात को अंजाम देने वाले ओडिशा के अंतरराज्यीय गिरोह के 6 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


डिक्की खोलकर उड़ाए थे ₹3.10 लाख

घटनाक्रम की जानकारी देते हुए एसपी ने बताया कि बीते 20 मई 2026 को दोपहर करीब 12:35 बजे एक व्यक्ति बैंक ऑफ इंडिया की हिसुआ शाखा से 3,10,000 रुपये निकालकर अपनी गाड़ी की डिक्की में रखकर कार्यालय जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में गंगदेव पेट्रोल पंप वालियरी के पास अपराधियों ने खड़ी गाड़ी की डिक्की को मास्टर चाबी से खोल लिया और उसमें रखे सारे पैसे लेकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित की सूचना के बाद हिसुआ थाना में कांड संख्या 268/26 दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई थी।


सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से मिला सुराग

वारदात के तुरंत बाद हरकत में आई हिसुआ थाना पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाला। फुटेज के विश्लेषण के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक की पहचान करने में सफलता मिली। इसके बाद तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने अपराधियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू की। अंततः 28 मई 2026 को पुलिस टीम ने घेराबंदी करके गिरोह के सभी 6 सदस्यों को दबोच लिया।


गिरफ्तार अपराधियों ने कबूला अपना जुर्म

पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों की पहचान अजय दास (28 वर्ष, गाजपुर, ओडिशा), देवेन्द्र दास (18 वर्ष, भदरख, ओडिशा), टी. बाला (35 वर्ष, बरमपुर, ओडिशा), राजेश दास (25 वर्ष, गाजपुर, ओडिशा), अशोक कुमार दास (27 वर्ष, भदरख, ओडिशा) और टी. मारकण्डे (55 वर्ष, कोन्जम, ओडिशा) के रूप में हुई है। कड़ाई से की गई पूछताछ में सभी अभियुक्तों ने इस लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का संबंध अरवल जिले के कुर्था थाना कांड संख्या 84/26 से भी पाया गया है।


नकदी, मोटरसाइकिल और मास्टर चाबी समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से ₹53,000 नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई 2 मोटरसाइकिलें, 3 मोबाइल फोन, 2 चांदी की पायल, मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट, लकड़ी का गुलेल (शीशा तोड़ने के लिए), एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पावर बैंक, घटना के वक्त पहने हुए कपड़े और चाबियों का गुच्छा (मास्टर चाबी) बरामद किया है। इसके अलावा उनके पास से कुछ पहचान पत्र भी मिले हैं। सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और पुलिस इस गिरोह के अन्य आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट