साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन लोन के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपी को किया गिरफ्तार

नवादा जिले के वारसलीगंज थाना पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो शातिर ठगों को धर दबोचा है। गिरफ्तार दोनो आरोपी नामी-गिरामी कंपनियों के लोन दिलाने के नाम लोगों को चूना लगाया करते थे....

साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन लोन के नाम
दो शातिर साइबर ठग गिरफ्तार- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है।


ग्राम बाघी और चकवाय के पास छापेमारी

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम बाघी और चकवाय के पास छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मीरबिघा निवासी रूपांशु कुमार (24) और चकवाय निवासी राजेश कुमार (21) के रूप में हुई है, जिनके पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 9,770 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।


लोन दिलाने का देते थे झांसा

पुलिस पूछताछ और छानबीन में सामने आया है कि आरोपी बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस सहित अन्य नामी वित्तीय कंपनियों के नाम पर लोगों को आसानी से ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देते थे। वे फेसबुक और अन्य माध्यमों से लोगों के मोबाइल नंबर प्राप्त कर उनसे संपर्क साधते थे।


दस्तावेज और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठगी

लोगों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी कभी बैंक मैनेजर तो कभी कंपनी के कर्मचारी बनकर बात करते थे। इसके बाद वे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज मंगवाकर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर भोले-भाले लोगों से पैसे ऐंठते थे।


मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी

वारिसलीगंज के थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 659/26 दर्ज कर ली है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट