बाढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आर्म्स एक्ट के दो फरार अभियुक्तों की संपत्ति कुर्क, 'सोनू-मोनू' गैंग के हैं सदस्य
Bihar News : बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने पटना जिले बाढ़ के कुख्यात सोनू-मोनू गैंग के दो फरार सदस्यों के घर आज कुर्की जब्ती की कार्रवाई की है...
Patna : अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में आज गुरुवार को बाढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आर्म्स एक्ट के दो कुख्यात अभियुक्तों की संपत्ति कुर्क कर ली है। पुलिस की यह कार्रवाई न्यायालय से निर्गत कुर्की अधिपत्र के आलोक में की गई है। दोनों अभियुक्त पिछले कई महीनों से फरार चल रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने कानून का शिकंजा कसते हुए उनके घर की कुर्की जब्ती की प्रक्रिया पूरी की।
महीनों से फरार चल रहे थे बबलू और दिलीप सिंह
कुर्की की यह कार्रवाई बाढ़ थाना कांड संख्या 418/23 के प्राथमिकी अभियुक्त बबलू सिंह और दिलीप सिंह के खिलाफ की गई है। ये दोनों अभियुक्त दाहौर गांव के निवासी हैं और इनके पिता का नाम सच्चिदानन्द है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों अभियुक्त हत्या के प्रयास (धारा 307) और आर्म्स एक्ट सहित शराबबंदी कानून के उल्लंघन जैसे गंभीर मामलों में वांछित थे।
सोनू-मोनू गैंग के सक्रिय सदस्य हैं दोनों अभियुक्त
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि फरार अभियुक्त बबलू और दिलीप सिंह क्षेत्र के कुख्यात सोनू-मोनू गैंग के अभिन्न सदस्य हैं। इन दोनों के विरुद्ध पटना और अन्य जिलों के विभिन्न थानों में गंभीर शीर्ष के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी, लेकिन इनके लगातार फरार रहने के कारण अब संपत्ति कुर्क करने का कदम उठाया गया है।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई कुर्की की कार्रवाई
आज गुरुवार 30 अप्रैल को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में बाढ़ थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस बल ने अभियुक्तों के घर पर दबिश दी। कुर्की की पूरी प्रक्रिया मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में विधिवत रूप से संपन्न की गई। इस दौरान पुलिस ने घर के सामानों को जब्त कर लिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध जल्द ही 'फरारी रॉल' भी समर्पित की जाएगी।
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशानुसार कांडों में लंबित कार्यवाही को पूर्ण करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अनुसंधानकर्ता द्वारा न्यायालय से संपर्क कर कुर्की अधिपत्र प्राप्त किया गया था। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य फरार अपराधियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संदेश दिया है कि कानून से भागने वाले अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसी ही कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
रवि शंकर की रिपोर्ट