कंकड़बाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पटना में सक्रिय 'बंटी-बबली' गैंग का पर्दाफाश, गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड समेत कई चेन स्नेचर और दो ज्वेलरी दुकानदार गिरफ्तार

राजधानी पटना में चेन स्नैचिंग गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गैंग के मुख्य सदस्यों (गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड) समेत कई चेन स्नेचरों और उनका लूटा हुआ सामान खरीदने वाले दो ज्वेलरी दुकानदारों को गिरफ्तार किया है....

कंकड़बाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पटना में सक्रिय 'बंटी-बबली'
पटना में सक्रिय 'बंटी-बबली' गैंग का पर्दाफाश- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना की कंकड़बाग थाने की पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में आतंक फैलाने वाले कुख्यात 'बंटी-बबली' गैंग के खिलाफ एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गैंग के मुख्य सदस्यों (गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड) समेत कई चेन स्नेचरों और उनका लूटा हुआ सामान खरीदने वाले दो ज्वेलरी दुकानदारों को गिरफ्तार किया है।


दीघा की मूल निवासी है मुख्य आरोपी लड़कीकंकड़बाग में है नानी घर

पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि इस गैंग की मुख्य महिला सदस्य मूल रूप से दीघा की रहने वाली है, जिसका नानी घर कंकड़बाग में स्थित है। वह अपने बॉयफ्रेंड और अन्य साथियों के साथ मिलकर कंकड़बाग, अगमकुआं, पत्रकार नगर और शास्त्रीनगर जैसे कई इलाकों में चेन स्नेचिंग की करीब 15 वारदातों को अंजाम दे चुकी थी और लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर फरार चल रही थी।


वैशाली और मोतिहारी में छापेमारी के बाद पटना में हुई धरपकड़

यह गिरोह पुलिस की दबिश से बचने के लिए पटना छोड़कर फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस ने वैशाली और मोतिहारी समेत कई अन्य जिलों में सघन छापेमारी की थी। आखिरकार, जैसे ही कंकड़बाग पुलिस को इनके वापस पटना लौटने की गुप्त सूचना मिली, दोनों को धर दबोचा गया। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक और छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है।


कम कीमत पर सोने की चेन खरीदने वाले दो स्वर्ण दुकानदार भी दबोचे गए

यह गिरोह राहगीरों से सोने और कीमती आभूषण छीनने के बाद उन्हें कंकड़बाग के ही दो स्थानीय स्वर्ण दुकानदारों को बहुत कम दामों पर बेच देता था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन दोनों दुकानदारों को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिनके पास से लूटी गई सोने की चेन बरामद हुई है।


पुलिस जल्द करेगी पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा

फिलहाल पुलिस पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर गैंग के अन्य फरार सदस्यों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इसी संवेदनशीलता के कारण पुलिस ने अभी आरोपियों के नामों का पूर्ण खुलासा नहीं किया है। संभावना जताई जा रही है कि पटना पुलिस इस मामले में जल्द ही विस्तृत और आधिकारिक खुलासा करेगी। 


अनिल की रिपोर्ट