Bihar Crime: जमुई समस्तीपुर के बाद मधेपुरा में शर्मनाक घटना, स्कूल के बाहर छात्रा से सरेआम दबंगई, बिहार में ये क्या हो रहा

Bihar Crime: जमुई और समस्तीपुर की शर्मनाक घटनाओं की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब मधेपुरा जिले से एक और सनसनीखेज मामला सामने आ गया है।....

Madhepura Clash School Stalking Bike Keys
जमुई समस्तीपुर के बाद मधेपुरा में शर्मनाक घटना- फोटो : reporter

Bihar Crime:बिहार में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ती जा रही हैं। जमुई और समस्तीपुर की शर्मनाक घटनाओं की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब मधेपुरा जिले से एक और सनसनीखेज मामला सामने आ गया है। राज्य में न तो स्कूल सुरक्षित हैं और न ही सड़कों पर चलने वाली बेटियां। उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

स्कूल के बाहर सरेआम दबंगई और चाबी छीनने की करतूत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में अपग्रेड हाई स्कूल उदा के आसपास का यह मामला है। स्कूल के बाहर कुछ  लफंगा किस्म के बच्चे और युवक एक छात्रा और उसके साथ मौजूद छात्र को घेर लेते हैं। पहले तो दोनों से तीखे सवाल-जवाब किए जाते हैं और एकांत में खड़े होने पर आपत्ति जताई जाती है। बात जब बढ़ती है तो भीड़ में शामिल दबंग बच्चे छात्रा की बाइक की चाबी  जबरन छीन लेते हैं।

जब छात्रा ने अपनी चाबी वापस मांगी, तो इन मनचलों ने देने से साफ इनकार कर दिया। देखते ही देखते मामूली पूछताछ का यह सिलसिला तीखी कहासुनी और फिर धक्का-मुक्की व हाथापाई में बदल गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे अकेली छात्रा कई लड़कों के बीच घिरी हुई है और आसपास कुछ महिलाएं और तमाशबीन लोग वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।

स्कूल प्रशासन का पल्ला झाड़ना और पुलिस की तफ्तीश

इस पूरे घटनाक्रम के सामने आने के बाद जहां एक तरफ लोग हैरान हैं, वहीं स्कूल प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ता नजर आ रहा है। अपग्रेड हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार ने दावा किया है कि स्कूल परिसर के अंदर ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। हालांकि, स्कूल के ठीक बाहर इस तरह का तांडव होने पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई है।

वहीं, उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि पुलिस के पास यह वीडियो पहुंच चुका है और इसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो में दिख रहे चेहरों की शिनाख्त कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस विवाद की असल वजह क्या थी।

कानून के राज पर लगते गंभीर सवालिया निशान

बिहार में लगातार आ रहे ऐसे वीडियो इस बात की गवाही दे रहे हैं कि मनचलों और अपराधियों के दिलों से प्रशासन का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है।जब शिक्षा के मंदिरों के बाहर ही छात्रा से सरेआम इस तरह की गुंडागर्दी और छीना-झपटी होने लगे, तो समझा जा सकता है कि राज्य की युवा पीढ़ी किस दिशा में भटक रही है और कानून का पहरा कितना कमजोर पड़ चुका है। यदि पुलिस ने समय रहते इन मनचलों पर शिकंजा नहीं कसा, तो यह चिंगारी किसी बड़े और भयानक हादसे को न्योता दे सकती है।