सिवान में पूर्व प्रखंड प्रमुख के पति व शिक्षक को मारी गोली : गंभीर हालत में पटना रेफर, एसपी ने SIT गठित की

सिवान जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बेखौफ अपराधियों ने पूर्व प्रखंड के पति व शिक्षक को गोली मार दी है। घटना में गंभीर रुप से घायल शिक्षक को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। एसपी ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित की है....

सिवान में पूर्व प्रखंड प्रमुख के पति व शिक्षक को मारी गोली :
सिवान मे शिक्षक को मारी गोली- फोटो : ताबिश इरशाद

Siwan : बिहार के सिवान जिले अंतर्गत असांव थाना क्षेत्र के सियोरी मठिया गांव में सोमवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने पूर्व प्रखंड प्रमुख के पति सह शिक्षक किशोर गिरी को कनपटी में गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना (PMCH) रेफर कर दिया है।


स्कूल में गलत गतिविधि की सूचना पर पहुंचे थे किशोर गिरी 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सियोरी मठिया गांव स्थित एक स्कूल की शिक्षिका ने किशोर कुमार गिरी को फोन कर परिसर के कमरे में एक युवक और युवती के होने तथा आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही किशोर गिरी बाइक से तुरंत स्कूल पहुंचे और वहां मौजूद युवक से पूछताछ शुरू की। इसी बीच आरोपी युवक ने फोन कर अपने अन्य सहयोगियों को बुला लिया।


भागने के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग, कनपटी में लगी गोली 

सहयोगियों के पहुंचते ही आरोपी युवक वहां से भागने लगा, जिसे स्थानीय ग्रामीणों और किशोर गिरी ने पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने खुद को घिरता देख ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के दौरान एक गोली सीधे किशोर गिरी की कनपटी में जा लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।


एसपी भारत सोनी ने गठित की SIT, एफएसएल की टीम ने जुटाए साक्ष्य 

घटना की सूचना मिलते ही सिवान एसपी भारत सोनी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-2 मैरवा और असांव थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने एसडीपीओ सदर-2 के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है। वहीं, एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।


एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध, अन्य हमलावरों की तलाश में छापेमारी जारी 

एसपी भारत सोनी ने बताया कि एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार और शामिल अन्य फरार अपराधियों की पहचान के लिए सघन छापेमारी अभियान चला रही है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल सभी दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


ताबिश इरशाद की रिपोर्ट