Bihar crime:लॉकेट देखने के बहाने घुसे, फिर तान दिया कट्टा,ज्वेलरी दुकान से 25 लाख के आभूषण और नगदी कीलूट, इलाके में दहशत

लॉकेट देखने के बहाने घुसे, फिर तान दिया कट्टा,ज्वेलरी दुकान से 25 लाख के आभूषण और नगदी कीलूट, इलाके में दहशत

Kaimur loot
बड़ी वारदात- फोटो : Reporter

Bihar crime: कैमूर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े हथियार के बल पर एक ज्वेलरी दुकान को अपना निशाना बनाया। मामला मोहनिया थाना क्षेत्र के बहुआरा इलाके का है, जहां अवस्थित 'खुशबू अलंकार ज्वेलर्स' से तीन हथियारबंद बदमाशों ने करीब 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लूट ली और आसानी से फरार हो गए।

पीड़ित दुकानदार आशुतोष कुमार के अनुसार यह वारदात दोपहर करीब 3:30 बजे की है। वे अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी एक अपाचे बाइक पर सवार होकर तीन नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे।

एक अपराधी ने ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया और लॉकेट दिखाने को कहा।जैसे ही आशुतोष ने जेवरात निकालने के लिए अलमारी खोली, बाहर खड़े बाकी दो अपराधी भी दुकान के अंदर घुस गए। अपराधियों ने तुरंत आशुतोष पर कट्टा तान दिया और जान से मारने की धमकी देकर काउंटर और अलमारी में रखे सारे आभूषण समेट लिए।

अपराधी दुकान से सोने-चांदी के कीमती गहनों के अलावा लगभग 40 हजार रुपये नगद भी लूट ले गए। पीड़ित के मुताबिक, लूटे गए सामान की कुल कीमत 25 लाख रुपये से ज्यादा है।

दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। कैमूर एसपी, मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्ण और मोहनिया थाना अध्यक्ष भारी दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार का बयान दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

डीएसपी गोपाल ने कहा कि बहुआरा में एक सोने-चांदी की दुकान में लूट की वारदात हुई है। शुरुआती आकलन के अनुसार लूटे गए सामान की कीमत लगभग 20 लाख रुपये है। वारदात में तीन अपराधी शामिल थे, जिन्होंने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

इस दुस्साहसिक घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में काफी आक्रोश और डर का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


रिपोर्ट-देव कुमार तिवारी