मोकामा विधायक अनंत सिंह समेत 9 आरोपियों को राहत, अश्लील डांस और हथियार प्रदर्शन मामले में कोर्ट ने दी जमानत

अश्लील डांस और हथियार प्रदर्शन मामले में मोकामा विधायक अनंत सिंह समेत कुल नौ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। आरोप था कि कार्यक्रम में कानून व्यवस्था और आचार संहिता के विपरीत गतिविधियां हुई थीं।

 Anant Singh grants bail in Gopalganj obscene dance weapon v
Anant Singh grants bail in Gopalganj obscene dance weapon viral video caseCase - फोटो : news4nation

Mokama MLA Anant Singh : बिहार के गोपालगंज में चर्चित अश्लील डांस और हथियार प्रदर्शन मामले में मोकामा विधायक अनंत सिंह समेत नौ नामजद आरोपियों को बड़ी राहत मिली है। सिविल कोर्ट के एडीजे-3 सह विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद सात आरोपियों की जमानत याचिका मंजूर कर ली। वहीं मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों को किशोर (जुवेनाइल) पाए जाने के कारण उनका मामला अलग से विचाराधीन है।


विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने यह फैसला सीआईडी (CID) की जांच रिपोर्ट के आधार पर सुनाया। अदालत में सुनवाई के दौरान जांच एजेंसी की रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों पर विचार करने के बाद सभी सात आरोपियों को जमानत दे दी गई। दरअसल, यह मामला उस समय चर्चा में आया था जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस के साथ हथियारों का प्रदर्शन दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की थी। बाद में मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई थी।

उपनयन संस्कार कार्यक्रम में नाच 
मामला 2 मई को मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक उपनयन संस्कार कार्यक्रम का है। कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर हथियार लहराने और अश्लील गानों के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो के आधार पर मीरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।


संदिग्ध और एडिटेड वीडियो 

बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता कुमार हर्षवर्धन पाठक ने अदालत में दलील दी कि वायरल वीडियो संदिग्ध और एडिटेड प्रतीत होता है। मामले में अब तक एफएसएल रिपोर्ट नहीं आई है और न ही किसी हथियार की बरामदगी हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने बिना पर्याप्त साक्ष्य के मामला दर्ज किया था। दोनों पक्षों की लंबी बहस सुनने के बाद अदालत ने सभी आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर ली।

नौ लोगों को नामजद आरोपी

जांच के दौरान मोकामा विधायक अनंत सिंह समेत कुल नौ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। आरोप था कि कार्यक्रम में कानून व्यवस्था और आचार संहिता के विपरीत गतिविधियां हुई थीं। वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी काफी सुर्खियां बटोरी थीं।


बड़ी राहत से हर्ष 

सीआईडी ने जांच के दौरान वीडियो की सत्यता, उसमें दिख रहे लोगों की पहचान और घटना की परिस्थितियों की पड़ताल की। जांच रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत किए जाने के बाद आरोपियों की ओर से जमानत याचिका दाखिल की गई थी। कोर्ट ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सात आरोपियों को जमानत दे दी। कोर्ट के फैसले के बाद अनंत सिंह और अन्य आरोपियों को फिलहाल कानूनी राहत मिल गई है। हालांकि मामले की न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी रहेगी और जांच से जुड़े अन्य पहलुओं पर अदालत में आगे भी सुनवाई होती रहेगी।  




नमो नारायण की रिपोर्ट