Bihar Crime - दरवाजे पर खड़े युवक को अपराधियों ने मारी गोली, पीएमसीएच रेफर; परिजनों में कोहराम
Jahanabad - जहानाबाद जिले के परसबिघा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। नौरू के समीप अज्ञात अपराधियों ने शैलेश कुमार नामक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
दरवाजे पर खड़े युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग
घटना परसबिघा थाना क्षेत्र के मिश्रविघा गांव की है। जानकारी के अनुसार, गेहूमन यादव का पुत्र शैलेश कुमार अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था, तभी अचानक अज्ञात अपराधियों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही शैलेश लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसके बाद अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे।
प्रत्यक्षदर्शी का बयान: "अचानक आए और मार दी गोली"

घटना के प्रत्यक्षदर्शी और शैलेश को अस्पताल लाने वाले रवीश कुमार ने बताया कि वारदात नौरू के पास हुई। उन्होंने कहा, "हमें विवाद की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। अचानक कुछ लोग आए और गोली मार दी। हमने पब्लिक मूवमेंट देखा और तुरंत अपनी बाइक से उठाकर उन्हें सदर अस्पताल लाया।" उन्होंने बताया कि शैलेश मिश्रविघा के रहने वाले हैं और नौरू में उनका घर है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वीडियो में मृतक की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल देखा जा सकता है। उनकी मां ने विलाप करते हुए बताया कि गाँव में पहले से काफी विवाद चल रहा था और उनके बेटे को निशाना बनाया गया है। परिजनों के चीख-पुकार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।
सदर अस्पताल से PMCH रेफर
आनन-फानन में स्थानीय लोग और पुलिस शैलेश को जहानाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच (PMCH), पटना रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि शैलेश की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर और अस्पताल पहुंची। पुलिस फिलहाल घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्राथमिक रूप से इसे आपसी रंजिश का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
report - संजय पांडेय