कौन है नंदन यादव, चेहरे पर गमछा बांधकर जमुई कांड को दिया अंजाम, पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर
दोनों के जमुई सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी है, जबकि हरेराम यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है
Bihar News : बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की के साथ सड़क पर बदसलूकी और छेड़खानी के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे नंदन यादव और हरेराम यादव के बारे में पुलिस ने अहम जानकारी दी है। जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के मुताबिक, दोनों आरोपी ट्रैक्टर चालक हैं और बालू ढोने का काम करते थे। दोनों के जमुई सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी है, जबकि हरेराम यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
कौन हैं नंदन और हरेराम?
पुलिस के मुताबिक, नंदन यादव और हरेराम यादव प्रतापपुर गांव के रहने वाले हैं। दोनों पेशे से ट्रैक्टर चालक हैं और इलाके में बालू ढोने का काम करते थे। एसपी ने बताया कि दोनों शराब के धंधे में भी संलिप्त रहे हैं। पुलिस अब उनके पिछले रिकॉर्ड और घटना में उनकी कथित भूमिका की भी जांच कर रही है। वहीं इस घटना से जुड़े तीन अन्य नाबालिग को पहले ही पुलिस निरुद्ध कर चुकी है।
नाबालिग से बदसलूकी का वीडियो हुआ था वायरल
मामला उस समय सामने आया जब नाबालिग लड़की और एक युवक के साथ बदसलूकी का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में कुछ युवक दोनों को रोककर उनके साथ मारपीट और लड़की के साथ छेड़छाड़ करते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का दबाव बढ़ा। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की।
गिरफ्तारी के दौरान नंदन के पैर में लगी गोली
जांच के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी नंदन यादव के बारे में जानकारी मिली। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान नंदन ने पुलिस टीम पर हमला किया और भागने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल नंदन को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, मामले में आरोपी बताए जा रहे हरेराम यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के अनुसार, मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और वायरल वीडियो में नजर आ रहे सभी आरोपियों की पहचान क्या है। फिलहाल नंदन यादव के पुलिस कार्रवाई में घायल होने और हरेराम यादव की गिरफ्तारी के बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को जांच के बाद कानून के तहत कार्रवाई का सामना करना होगा।