सुपौल में अंतर्प्रांतीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश: सरगना 'झूला' समेत 5 गिरफ्तार, कबाड़ी दुकान से पुर्जे बरामद

Bihar Crime : सुपौल शहर में बाइक चोरी की घटना से परेशान पुलिस को बड़ी राहत मिली है। सदर थाना पुलिस ने एक सुनियोजित और संगठित बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इसके पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है....

सुपौल में अंतर्प्रांतीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश: सरगना 'झ
बाइक चोर गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul  :  शहर में पिछले कुछ समय से बाइक चोरी की बढ़ती वारदातों से परेशान पुलिस को आखिरकार एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर थाना पुलिस ने एक सुनियोजित और संगठित बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इसके पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन को उम्मीद है कि पकड़े गए शातिर चोरों से कड़ाई से की जा रही पूछताछ के बाद जिले में हुई मोटरसाइकिल चोरी की कई अन्य बड़ी वारदातों का भी जल्द ही खुलासा हो सकेगा।


इन वीआईपी इलाकों में की थी चोरी

पुलिस के अनुसार, शहर के अलग-अलग सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले इलाकों से लगातार मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। हाल के दिनों में कोर्ट परिसर, सिटी कार्ट मॉल के पास और शहर के एक नामचीन चिकित्सक के आवास के समीप से हुई बाइक चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए थे। इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान (सर्विलांस) और विशेष निगरानी अभियान को तेज कर दिया था।


सीसीटीवी फुटेज से मिला सुरागसंजीत धराया

इस पूरे मामले का खुलासा करने में शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ने मुख्य भूमिका निभाई। कैमरों में कैद संदिग्ध गतिविधियों और फुटेज की गहन जांच के आधार पर पुलिस सबसे पहले भेलाही वार्ड संख्या-21 निवासी संजीत कुमार तक पहुंचने में कामयाब रही। पुलिस ने जब संजीत को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ शुरू की, तो उसने टूटकर गिरोह के पूरे नेटवर्क और काम करने के तौर-तरीकों का खुलासा कर दिया।


कबाड़ी दुकान से बरामद हुए बाइक के पुर्जे

संजीत से मिले सुराग के आधार पर सदर थाना पुलिस ने शहर के कई संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इसी क्रम में पुलिस ने एक कबाड़ी की दुकान पर धावा बोला, जहां से चोरी की गई मोटरसाइकिलों के इंजन, साइलेंसर और अन्य पुर्जे बरामद किए गए। पुलिस को अंदेशा है कि यह गिरोह शहर से बाइक चुराने के तुरंत बाद उसे कबाड़ी के हवाले कर देता था, जहां गाड़ियों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग कर अवैध रूप से बाजार में बेच दिए जाते थे।


पुराना अपराधी निकला गिरोह का मास्टरमाइंड

सघन अभियान के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े अन्य शातिर आरोपियों मो. जसिम, सौरव कुमार उर्फ झूला और संदीप कुमार समेत कुल पांच लोगों को दबोच लिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सौरव उर्फ झूला पहले भी बाइक चोरी के संगीन मामले में जेल की हवा खा चुका है और जेल से रिहा होने के तुरंत बाद वह दोबारा इस अवैध धंधे में सक्रिय हो गया था। फिलहाल, पुलिस कस्टडी में सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उनके पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त किया जा सके।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट