महात्मा गांधी सेतु पर मर्डर: कार बनी 'ताबूत', पुलिस की पिकेट से चंद मीटर दूर अपराधियों का तांडव!

हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाने के पास अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। महात्मा गांधी सेतु के पास खड़ी एक कार से युवक का शव बरामद हुआ है, जिसकी गोली मारकर हत्या की गई है।

महात्मा गांधी सेतु पर मर्डर: कार बनी 'ताबूत', पुलिस की पिकेट

Vaishali - : बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद अपराधी शव को बीच सड़क पर खड़ी एक कार में ही छोड़कर बड़े आराम से फरार हो गए।

घटना महात्मा गांधी सेतु (MG Setu) के पाया नंबर एक से महज 100 मीटर की दूरी पर पश्चिमी लेन में हुई। गुरुवार दोपहर स्थानीय लोगों ने एक लावारिस गाड़ी को संदिग्ध हालत में खड़ा देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। जब गंगा ब्रिज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी की तलाशी ली, तो अंदर एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक के कंधे (शोल्डर) में गोली लगने के निशान मिले हैं।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए फौरन फॉरेंसिक (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिसने गाड़ी और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस ने मौके से एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि अपराधी गाड़ी लेकर पटना की ओर से आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद उसे वहीं लावारिस छोड़कर भाग निकले।

वैशाली के ASP प्रेम सागर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि जिस गाड़ी में शव मिला है, वह मृतक की है या किसी और की। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

इस घटना ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतने व्यस्त मार्ग और थाने के इतने करीब अपराधी वारदात कर निकल गए और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।

Report - Rishav kumar