डकैती की साजिश नाकाम,एसएसटीएफ और पुलिस का तगड़ा एक्शन, दबोचा गया टॉप-10 वांटेड कुख्यात सलमगीर, अपराधियों में दहशत
Bihar Crime: कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों पर पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। टॉप-10 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल सलमगीर उर्फ छोटू आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया।...
Bihar Crime: कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों पर पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। टॉप-10 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल सलमगीर उर्फ छोटू आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूरे आपराधिक गिरोह में खलबली मच गई है।
शिवहर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने प्रेस वार्ता कर इस बड़ी कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सलमगीर अपने साथियों के साथ मिलकर एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने खुफिया तंत्र को सक्रिय करते हुए उसकी पूरी साजिश को नाकाम कर दिया।
गुप्त सूचना के आधार पर एसएसटीएफ टीम और शिवहर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से त्वरित छापेमारी की और सलमगीर उर्फ छोटू को उसके ही ठिकाने से दबोच लिया। गिरफ्तारी इतनी सटीक और योजनाबद्ध थी कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि सलमगीर दरभंगा सहनी गैंग का सक्रिय और भरोसेमंद सदस्य रहा है। उस पर डकैती, रंगदारी, हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो उसे लंबे समय से पुलिस की रडार पर रखे हुए थे।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलमगीर उर्फ छोटू, पिता मोहम्मद शहीद, निवासी विशंभरपुर, थाना तरियानी, जिला शिवहर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की पूछताछ में पूरे नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस कार्रवाई में SDPO सुशील कुमार भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की गई। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जहां अपराधियों में डर का माहौल है, वहीं आम जनता में राहत और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार