Bihar Crime: होटल में जन्मदिन की पार्टी के दौरान खूनी वारदात, चाकू से हमला कर युवक की हत्या

Bihar Crime: जन्मदिन की पार्टी के दौरान बाइक की चाबी मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में तब्दील हो गया। ...

Gopalganj Hotel Murder
युवक की हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime:  गोपालगंज में जन्मदिन की पार्टी के दौरान बाइक की चाबी मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में तब्दील हो गया। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी स्थित होटल राजीव रीजेंसी में 21 वर्षीय युवक अनीश सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। अनीश मीरगंज थाना क्षेत्र के टड़वा गांव का निवासी था और होटल में वेटर कैप्टन के पद पर काम करता था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिजनों में गम और गुस्से का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात होटल में किचन स्टाफ राहुल का जन्मदिन मनाया जा रहा था। पार्टी में होटल के कर्मचारी और कुछ अन्य लोग शामिल थे। इसी दौरान गौतम ने अनीश से बाइक की चाबी मांगी। अनीश के इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि गौतम ने अनीश की पीठ पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में वह बुरी तरह जख्मी हो गया।

घायल अनीश को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अनीश पिछले चार महीने से होटल में वेटर कैप्टन के तौर पर काम कर रहा था।

परिजनों के अनुसार, मुख्य आरोपी गौतम मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला है। उसने करीब 20 दिन पहले ही होटल में काम छोड़ दिया था, लेकिन जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने पहुंचा था। घटना के बाद होटल कर्मचारियों ने गौतम को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, पुलिस ने मामले में कथित रूप से शामिल राहुल और सुजॉय को भी थावे थाना क्षेत्र के वृंदावन इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है।

इधर, अनीश की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने होटल के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ होटल मालिक और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की।

फिलहाल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है। मामले की जांच जारी है और विवाद के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है। वहीं, जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजन अब न्याय और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा