Bihar Crime: गोपालगंज में क्रिकेट विवाद ने ली हिंसक शक्ल, युवकों की हालत गंभीर, दो आरोपी गिरफ्तार
Bihar Crime: मामूली कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि एक युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा और गांव में दहशत फैल गई।...
Gopalganj: जिला के कटेया थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचदेवरी प्रखंड के रामपुर ब्रह्मस्थान गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान उपजा विवाद चाकूबाजी में तब्दील हो गया। मामूली कहासुनी ने ऐसा तूल पकड़ा कि एक युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा और गांव में दहशत फैल गई।
घायल युवक की पहचान रामपुर गांव निवासी कमलेश कुशवाहा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि खेल के दौरान दो पक्षों के युवकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पहले बहस, फिर धक्का-मुक्की और देखते ही देखते चाकू निकल आया। आरोप है कि कमलेश को दौड़ा-दौड़ाकर वार किए गए, जिससे वह बेहोश होकर अधमरी हालत में गिर पड़ा। घटना के वक्त सड़क पर अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों की मदद से कमलेश को तत्काल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा किया जाए।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में संलिप्त नूर आलम और हनान मियां को गिरफ्तार कर लिया है।
एसडीपीओ ने बताया कि मामला क्रिकेट खेलने के विवाद से जुड़ा है और विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है। खेल के मैदान से उठी चिंगारी ने जिस तरह हिंसा का रूप लिया, उसने गांव में सुरक्षा और सौहार्द पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा