ऑक्सीटोसिन की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़, 15 लाख की प्रतिबंधित दवा जब्त, तीन गिरफ्तार
Bihar Crime News: औषधि विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित दवा ऑक्सीटोसिन की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। ....
Bihar Crime News: गयाजी जिले के बोधगया थाना क्षेत्र में औषधि विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित दवा ऑक्सीटोसिन की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान करीब 15 लाख रुपये मूल्य की दवा और भारी मात्रा में निर्माण सामग्री बरामद की गई। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, औषधि विभाग की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नावा गांव स्थित विनोद कुमार के मकान में छापेमारी की। जांच के दौरान वहां अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन का निर्माण किया जा रहा था।छापेमारी में टीम ने करीब 10 हजार तैयार ऑक्सीटोसिन एम्पुल, लगभग एक लाख खाली एम्पुल और बड़ी मात्रा में कच्चा माल बरामद किया। अधिकारियों के अनुसार, जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के खिलाफ बोधगया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।औषधि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह प्रतिबंधित दवा के अवैध निर्माण और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री से तैयार दवा की आपूर्ति किन-किन जिलों या राज्यों में की जाती थी और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
फिलहाल पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। जांच के आधार पर मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की भी संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट- मनोज कुमार