Jamui NEET Protest:शांतिपूर्ण प्रदर्शन में असामाजिक तत्वों की सेंध,मचाया उत्पात, पुलिस ने 6 को किया गिरफ्तार,तस्वीरें जारी

जमुई में NEET पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन के दौरान असामाजिक तत्वों ने महिसौरी चौक पर बैरिकेडिंग तोड़कर उपद्रव मचाया। जमुई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया और तस्वीरें जारी कर शांति बनाए रखने की अपील की है।

Jamui Police Appeal Student Protest
शांतिपूर्ण प्रदर्शन में असामाजिक तत्वों की सेंध, बैरिकेडिंग तोड़ मचाया उत्पात- फोटो : Reporter

NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध-प्रदर्शन की लपटें जमुई जिले तक पहुँच गई हैं। शुक्रवार को छात्र संगठनों ने शहर के कचहरी चौक पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। हालांकि, यह शांतिपूर्ण आंदोलन तब उग्र रूप ले बैठा जब छात्रों की भीड़ में कुछ असामाजिक तत्व शामिल हो गए। इन उपद्रवियों ने महिसौरी चौक पर जमकर उत्पात मचाया और पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग को तोड़कर पूरी तरह तहस-नहस कर दिया।


पुलिस का कड़ा एक्शन: लाठी पटककर खदेड़ा, 6 उपद्रवी गिरफ्तार

सड़क पर अचानक उपद्रव और अराजकता की स्थिति बनते ही जमुई पुलिस तुरंत हरकत में आई। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए पुलिस बल ने उपद्रवियों पर हल्का बल प्रयोग करते हुए उन्हें मौके से खदेड़ दिया। पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई में छह उपद्रवियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने शहर के सभी प्रमुख स्थानों पर गश्त बढ़ा दी है।


जमुई पुलिस ने जारी किए उपद्रवियों के फोटो, सीसीटीवी से रखी जा रही नजर

वारदात के बाद जमुई पुलिस ने उपद्रव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल अन्य असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए उनके फोटो भी सार्वजनिक रूप से जारी कर दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिन्हित कर अन्य शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस की छात्रों और अभिभावकों से अपील: शांतिपूर्वक रखें अपनी बात

जिले में बढ़ते तनाव को देखते हुए जमुई पुलिस और जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, छात्रों और अभिभावकों के लिए अपील जारी की है। जारी पोस्टर में संदेश दिया गया है कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को व्यक्त करने का अधिकार सभी को है और छात्र राष्ट्र निर्माण की शक्ति हैं। प्रशासन ने छात्रों से किसी भी बहकावे में न आने और कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए केवल शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखने का अनुरोध किया है।

जमुई से सुमित सिंह की रिपोर्ट