Bihar Crime:रिश्वतखोर चौकीदार निगरानी के जाल में फंसा! 9 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, महकमे में मचा हड़कंप

Bihar Crime:निगरानी विभाग की टीम ने गया जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बेलागंज थाना में कार्यरत एक चौकीदार को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

Gaya Chowkidar Caught Taking Bribe for Help Vigilance Acts
रिश्वतखोर चौकीदार रंगे हाथ पकड़ाया- फोटो : reporter

Bihar Crime:  भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी विभाग की टीम ने गया जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बेलागंज थाना में कार्यरत एक चौकीदार को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे और स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, चौकीदार मनीष कुमार किसी मामले में पैरवी करने और मदद दिलाने के नाम पर शिकायतकर्ता से 9 हजार रुपये बतौर घूस की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना निगरानी विभाग को दी, जिसके बाद पूरे मामले का सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर निगरानी की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।

बताया जा रहा है कि जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय रकम आरोपी चौकीदार को सौंपी, निगरानी की टीम ने मौके पर धावा बोल दिया और मनीष कुमार को रिश्वत की राशि के साथ रंगेहाथ दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में भी हलचल मच गई।निगरानी विभाग के अधिकारियों ने गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद टीम आरोपी चौकीदार को अपने साथ पटना लेकर रवाना हो गई, जहां उससे आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी बेलागंज थाना क्षेत्र में चौकीदार के पद पर कार्यरत था और उस पर शिकायतकर्ता से मामले में सहयोग और पैरवी कराने के एवज में अवैध रकम मांगने का आरोप है। निगरानी विभाग अब यह भी जांच कर रहा है कि आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं।

भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं आम लोगों का कहना है कि सरकारी तंत्र में व्याप्त रिश्वतखोरी पर लगाम लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए, ताकि जनता का भरोसा कानून व्यवस्था और प्रशासन पर बना रहे। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। निगरानी विभाग के इस ऑपरेशन ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि रिश्वतखोरी करने वालों पर कानून का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार