नवादा में साइबर ठगी गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, लोन दिलाने के नाम पर करते थे धोखाधड़ी
बिहार के नवादा जिले की वारिसलीगंज थाना पुलिस ने लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसपी के निर्देश पर द्वायनगर नहर के पास की गई छापेमारी में एक नाबालिग समेत चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है.
Nawada : जिले में पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। नवादा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव धीमान के कड़े निर्देश पर वारिसलीगंज थाना की पुलिस ने एक सुनियोजित छापेमारी कर साइबर ठगी गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सीधे-साधे लोगों को अपनी जाल में फंसाकर विभिन्न प्रकार के फर्जी लोन दिलाने के नाम पर देशव्यापी ठगी का धंधा चला रहा था।
नहर के समीप खंधा में चल रहा था ठगी का खेल, पुलिस ने घेरा
साइबर अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वारिसलीगंज के थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें स्थानीय पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी ग्राम द्वायनगर स्थित नहर के पूरब खंधा के पास बैठकर किसी बड़ी ठगी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और मौके से चारों आरोपियों को धर दबोचा।
एंड्रॉयड मोबाइल और नकदी समेत कई सामान बरामद
पुलिस की इस छापेमारी के दौरान गिरफ्तार अपराधियों के पास से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुए हैं। पुलिस ने इनके पास से कुल छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 39,300 रुपये नकद और एक पर्स बरामद किया है। इन मोबाइलों को खंगालने पर पुलिस को कई ऐसे डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जो इनके साइबर अपराध से जुड़े होने की पुष्टि करते हैं। पुलिस अब इन मोबाइलों के कॉल रिकॉर्ड्स और डेटा की बारीकी से जांच कर रही है।
कस्टमर डेटा का इस्तेमाल कर मुद्रा और बजाज फाइनेंस के नाम पर ठगी
गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिसिया पूछताछ में अपने काले कारनामों का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वे विभिन्न स्रोतों से ग्राहकों का गोपनीय डेटा (जैसे मोबाइल नंबर, नाम और पता) हासिल करते थे। इसके बाद, इस डेटा के जरिए वे सीधे लोगों से संपर्क करते थे और खुद को बैंक अधिकारी बताकर 'मुद्रा योजना लोन' या 'बजाज फाइनेंस लोन' पास कराने का झांसा देते थे। लोन प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्कों के नाम पर वे पीड़ितों से अपने खातों में मोटी रकम ट्रांसफर करवा लेते थे।
एक नाबालिग समेत चार गिरफ्तार, कांड संख्या 398/26 दर्ज
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारिसलीगंज थाना में कांड संख्या 398/26 दर्ज कर ली है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में विकास कुमार (30 वर्ष, पिता अर्जुन प्रसाद, निवासी भवानी बिगहा), अक्षय कुमार (21 वर्ष, पिता मनोज कुमार, निवासी बेलदरिया), टिंकू शर्मा (22 वर्ष, पिता विनोद कुमार शर्मा, निवासी मंजौर) और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और बैंक खातों को खंगालने में जुटी है ताकि ठगी की पूरी रकम का पता लगाया जा सके।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट