पेड़ से लटका मिला विवाहिता का शव, पति हिरासत में, बगहा पुलिस -सीएफएसएल टीम कर रही जांच
Bihar News : पश्चिम चंपारण के लौकरिया थाना क्षेत्र के रहमत नगर और गरकट्टी के बीच स्थित एक आम के बगीचे में पेड़ से लटका 35 वर्षीय विवाहिता का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया है। मृतका की पहचान गरकट्टी निवासी गौतम काजी की पत्नी हेमलता के रूप में हुई है।
लौकरिया थानाध्यक्ष ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि एक महिला का शव बगीचे में पेड़ से लटका हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को उतरवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। घटना की जांच के लिए सीएफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मामले में मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और मारपीट से आहत होकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
मृतका के ससुर प्रकाश काजी ने बताया कि घटना के समय परिवार के लोग खेत में थे। घर लौटने पर पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट की जानकारी मिली। इसके बाद हेमलता घर से गायब थी, जिसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस से उसके शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
आशिष कुमार की रिपोर्ट