Bihar Crime: सड़क पर पलटा शराब से लदा ट्रक, बोतलें लूटने उमड़ी भीड़, वीडियो वायरल

Bihar Crime: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की कथित तस्करी और उसके बाद सड़क पर मची लूट का मामला सामने आया है।

Bihar Crime:  सड़क पर पलटा शराब से लदा ट्रक, बोतलें लूटने उम
शराब की बोतल लूटने की लगी होड़- फोटो : social Media

Bihar Crime: बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की कथित तस्करी और उसके बाद सड़क पर मची लूट का मामला सामने आया है। दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में शराब से लदा एक ट्रक सड़क पर पलट गया। ट्रक में शराब होने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद लोगों में शराब की बोतलें निकालकर ले जाने की होड़ मच गई। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार बहेड़ी के बघौल-अटहर मुख्य सड़क पर परवाहा बांध के पास बुधवार देर रात करीब दो बजे शराब से लदा ट्रक अचानक सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शुरुआत में लोगों को ट्रक में लदे सामान की जानकारी नहीं थी, लेकिन जैसे ही पता चला कि कार्टन में शराब की बोतलें भरी हैं, वहां देखते ही देखते भीड़ बढ़ने लगी।

वीडियो में कथित तौर पर कई लोगों को ट्रक के आसपास जमा होकर शराब की बोतलें निकालते देखा जा रहा है। भीड़ में बच्चे और जवान भी शामिल बताए जा रहे हैं। लोग बोतलें लेकर मौके से भागते नजर आए। शराब लूटने की इस होड़ के कारण सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

घटना ने बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बीच शराब की तस्करी और उसकी उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रक में शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, यह जांच का विषय है।

पुलिस अब वायरल वीडियो और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर सकती है। साथ ही शराब लदे ट्रक के चालक, तस्करी से जुड़े लोगों और बोतलें लेकर भागने वाले लोगों की पहचान की दिशा में भी कार्रवाई की जा सकती है।