पटना में 5 करोड़ से अधिक की साइबर ठगी का भंडाफोड़ : योजनाओं का झांसा देकर खुलवाए 500 'म्यूल अकाउंट', महिला गिरफ्तार

पटना जिले में भोले-भाले ग्रामीणों को अपना शिकार बनाकर करोड़ों रुपये की अंतरप्रांतीय साइबर ठगी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। साइबर थाना पुलिस ने इस मामले मे एक महिला को गिरफ्तार किया है.....

पटना में 5 करोड़ से अधिक की साइबर ठगी का भंडाफोड़ : योजनाओं
पटना में 5 करोड़ से अधिक की साइबर ठगी का खुलासा- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना जिले में भोले-भाले ग्रामीणों को अपना शिकार बनाकर करोड़ों रुपये की अंतरप्रांतीय साइबर ठगी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। ताजा मामला पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडारक गांव का है, जहां की पीड़ित महिलाओं ने पटना साइबर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। साइबर डीएसपी संगीता कुमारी ने मामले को बेहद गंभीर मानते हुए तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। गांव में भेजी गई जांच टीम की तफ्तीश में खुलासा हुआ कि लगभग 400 से 500 ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों के नाम पर फर्जी 'म्यूल अकाउंट' (Mule Accounts) खोले गए थे।


शिविर लगाकर खुलवाए गए बैंक खाते और सिम कार्ड 

पुलिस टीम ने ग्रामीणों से कड़ाई से पूछताछ और छानबीन के बाद घटना में संलिप्त 50 वर्षीय महिला सीता देवी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी सीता देवी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। साइबर डीएसपी संगीता कुमारी ने बताया कि यह एक सुनियोजित और बड़ा साइबर सिंडिकेट है। मास्टरमाइंड के इशारे पर आरोपी महिला गांवों में शिविर लगाकर ग्रामीणों को अनाज खरीद-बिक्री योजना, शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि तथा अन्य सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देती थी। इसी बहाने सैकड़ों बैंक खाते और फर्जी सिम कार्ड एक्टिवेट करा लिए गए।


खातों के जरिए करोड़ों का लेन-देन और लाखों का लोन 

जांच में सामने आया है कि साइबर अपराधी इन म्यूल खातों का उपयोग देश भर में विभिन्न लोगों से ठगे गए रुपयों के लेन-देन (ट्रांजेक्शन) के लिए कर रहे थे। यही नहीं, साइबर ठगों ने निर्दोष ग्रामीणों के नाम पर खोले गए इन बैंक खातों पर उनकी जानकारी के बिना लाखों रुपये का लोन भी उठा लिया। जब बैंक से वसूली और नोटिस की जानकारी ग्रामीणों को मिली, तो उनके होश उड़ गए। साइबर अपराधियों ने लोगों के विश्वास का फायदा उठाकर उन्हें भारी कर्ज के जाल में धकेल दिया।


मुखिया के घर छापेमारी में वॉकी-टॉकी और दर्जनों सिम बरामद 

गिरफ्तार महिला सीता देवी से हुई गहन पूछताछ के बाद साइबर पुलिस की टीम ने एक स्थानीय मुखिया के घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई स्मार्टफोन, एक वॉकी-टॉकी सेट, दर्जनों एक्टिवेटेड सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों की चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड सहित कई अन्य संदेहास्पद दस्तावेज बरामद किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर बिना कड़े केवाईसी (KYC) सत्यापन के खाते खोले जाने के मामले में संबंधित बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की संलिप्तता या लापरवाही की भी गहनता से जांच की जा रही है।


5 करोड़ से अधिक का हो सकता है घोटाला, मुख्य सरगना की तलाश जारी 

पटना साइबर थाना पुलिस का दावा है कि शुरुआती जांच में ही ठगी और अवैध लेन-देन का यह आंकड़ा 5 करोड़ रुपये को पार करता दिख रहा है, जिसके आगे और बढ़ने की पूरी संभावना है। पुलिस टीम अब इस गिरोह के मुख्य सरगना, तकनीकी हैंडलर और वित्तीय मददगारों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। साइबर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने दस्तावेज न दें और न ही पैसों के लालच में अपने नाम से बैंक खाते खुलवाकर किसी दूसरे को इस्तेमाल करने दें।


अनिल की रिपोर्ट