Gopalganj crime: गोपालगंज में सनसनी! कटहल चोरी के आरोप पर युवक की सरेआम हत्या
Gopalganj crime: गोपालगंज में कटहल चोरी के आरोप में युवक पर चाकू से हमला किया है। इसके अलावा ग्रामीणों ने आरोपी को पेड़ से बांधकर पीटा।
Gopalganj crime: बिहार में इन दिनों छोटी-छोटी बातों पर होने वाले झगड़े खतरनाक रूप ले रहे हैं। कटिहार में जहां बैंगन के दो पौधों के विवाद में एक महिला की जान चली गई, वहीं अब गोपालगंज जिले से एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कटहल चोरी के आरोप में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया।
यह घटना गोपालगंज के सदर थाना क्षेत्र के मठिया गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव के एक युवक ने अफरोज नाम के युवक पर कटहल चोरी करने का आरोप लगाया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और अफरोज पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने एक के बाद एक तीन बार चाकू से वार किया, जिससे अफरोज बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
खून से लथपथ हालत ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा
अफरोज की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। खून से लथपथ हालत में उसे देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे एक पेड़ से बांध दिया गया और जमकर पिटाई की गई। काफी देर तक गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह आरोपी को भीड़ से बचाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं घायल अफरोज को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
24 घंटों में इस तरह की यह दूसरी घटना
पिछले 24 घंटों में इस तरह की यह दूसरी घटना है, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि छोटी-छोटी बातों पर हिंसा का स्तर कितना बढ़ गया है। इससे पहले कटिहार में बैंगन के पौधों को लेकर हुए विवाद में एक महिला की पिटाई कर दी गई थी, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। अब गोपालगंज में कटहल को लेकर खून बहने की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में डर और चिंता का माहौल है।