Bihar Crime: बिहार में चोरी के मोबाइल का खेल, दुकानदार गिरफ्तार, 2 फोन और पार्ट्स बरामद
Bihar Crime: मोबाइल चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक मोबाइल दुकानदार को गिरफ्तार किया है।...
Bihar Crime: भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक मोबाइल दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन के साथ कई मोबाइल पार्ट्स बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
भोजपुर पुलिस के मुताबिक, 26 जून 2026 को उदवंतनगर थाना में मोबाइल चोरी से संबंधित एक आवेदन प्राप्त हुआ था। आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल चोरी से जुड़े एक नेटवर्क की जानकारी मिली।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने एक मोबाइल दुकान में छापेमारी की। जांच में पुलिस को कथित तौर पर पता चला कि दुकानदार चोरी और लूट के मोबाइल फोन खरीदता था। पुलिस के अनुसार, ऐसे मोबाइल फोन जिनकी शिकायत संचार साथी पोर्टल पर बंद यानी Closed हो चुकी थी, उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बेच दिए जाते थे।
वहीं, जिन मोबाइल फोन की शिकायत पोर्टल पर बंद नहीं हुई थी, उन्हें कथित तौर पर कम कीमत पर दूसरे ग्राहकों को बेचने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास चोरी के मोबाइल फोन कहां से पहुंचते थे और इस पूरे मामले में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।पुलिस ने इस मामले में दर्शन छपरा गांव निवासी चंदन कुमार, पिता महेश कुमार, थाना उदवंतनगर, जिला भोजपुर को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन और कई मोबाइल पार्ट्स बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अब पुलिस बरामद मोबाइल फोन और पार्ट्स के स्रोत की जांच के साथ चोरी के मोबाइल की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार