Bihar Crime: लड़कियों की खरीद-फरोख्त का खौफनाक खेल, बड़े नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, एक आरोपी गिरफ्तार

Bihar Crime: बिहार में नाबालिग लड़कियों को शादी का झांसा देकर दूसरे राज्यों में ले जाने और कथित तौर पर उनकी खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क को लेकर सनसनीखेज मामला सामने आया है।...

Trafficking Racket

Bihar Crime: बिहार में नाबालिग लड़कियों को शादी का झांसा देकर दूसरे राज्यों में ले जाने और कथित तौर पर उनकी खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क को लेकर सनसनीखेज मामला सामने आया है। नवगछिया में मानव तस्करी के इस कथित काले कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। आरोप है कि एक नाबालिग लड़की को अच्छे घर में शादी कराने का सपना दिखाकर राजस्थान ले जाया गया और बीकानेर में बेचकर उसकी शादी करा दी गई। मामले में पुलिस ने एक और आरोपी लखन सिंह को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस की पूछताछ में इस पूरे नेटवर्क के कई छिपे राज सामने आने की उम्मीद है।

दरअसल, पूरा मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की से जुड़ा है। आरोप के मुताबिक, 17 अगस्त को पारसमणि देवी नाम की महिला लड़की को बेहतर जिंदगी और अच्छे परिवार में शादी कराने का झांसा देकर नवगछिया रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिए राजस्थान ले गई थी। बताया जाता है कि लड़की को बीकानेर पहुंचाने के बाद दो दिनों तक एक होटल में रखा गया। इसके बाद कथित तौर पर कल्याणपुर गांव निवासी मनफूल गोदरा के हाथों बेच दिया गया और उसकी शादी करा दी गई।

इस गंभीर मामले में गोपालपुर पुलिस ने 5 नवंबर को राजस्थान के बीकानेर में छापेमारी कर नाबालिग लड़की को सकुशल मुक्त कराया था। पुलिस ने वहां से आरोपी मनफूल गोदरा को भी गिरफ्तार किया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने कथित मानव तस्करी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए विशेष जांच टीम गठित की। एसडीपीओ सायम रजा के नेतृत्व में नवगछिया और गोपालपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लखन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले का एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। जिस मकान से लखन सिंह की गिरफ्तारी हुई, वहां पूर्व में पुलिस की छापेमारी के दौरान कथित अनैतिक देह व्यापार का खुलासा हुआ था। उस कार्रवाई में आठ महिलाएं और तीन पुरुष बरामद किए गए थे। अब पुलिस इस पुराने मामले और मानव तस्करी के ताजा प्रकरण के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही है।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य मकसद इस कथित गिरोह के अन्य सदस्यों, इसके संपर्कों और नाबालिग लड़कियों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों का पता लगाना है। पुलिस की इस कार्रवाई से मानव तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों के बीच भी हड़कंप मचने की आशंका है।

रिपोर्ट- बालमुकुंद शर्मा