Bihar Vigilance Raid: रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचे गए पंचायत सचिव, नल-जल योजना के भुगतान में घूसखोरी का खेल बेनकाब, निगरानी के शिकंजे से घूसखोर अपसरों में हड़कंप

Bihar Vigilance Raid: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत के पंचायत सचिव को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।...

Bettiah Bihar Vigilance Nabs Panchayat Secretary Taking 1500
रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचे गए पंचायत सचिव- फोटो : reporter

Bihar Vigilance Raid: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो  ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मलदहिया पंचायत के पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई नल-जल योजना के मेंटेनेंस भुगतान के एवज में कथित तौर पर घूस मांगने की शिकायत की जांच के बाद की गई। गिरफ्तारी के बाद पूरे प्रखंड कार्यालय और पंचायत महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, नल-जल योजना के संवेदक परवेज कौशर ने आरोप लगाया था कि उनके लंबित मेंटेनेंस भुगतान को जारी करने के बदले पंचायत सचिव ने 28 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि रकम नहीं देने पर उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था और भुगतान की प्रक्रिया जानबूझकर रोकी जा रही थी।

बताया गया कि संवेदक ने 27 जुलाई को निगरानी विभाग में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने पूरे मामले का सत्यापन किया। जांच में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत मलदहिया मदरसा में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान शिकायतकर्ता ने पंचायत सचिव को 15 हजार रुपये पहली किश्त के रूप में दिए। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से घात लगाए निगरानी अधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथ दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की टीम ने पंचायत सचिव के आवास पर भी छापेमारी की, जहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और आवश्यक कागजात जब्त किए गए हैं। अब इन दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं किसी अन्य मामले में भी अनियमितता या भ्रष्टाचार के संकेत तो नहीं हैं।

विजिलेंस के डीएसपी कृपालचंद जायसवाल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि नल-जल योजना के संवेदक से रिश्वत लेने के दौरान पंचायत सचिव को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार