Bihar News : आरा जंक्शन पर 5 महिला चोर को रेल पुलिस ने किया गिरफ्तार, हज़ारों रूपये और लॉकेट किया बरामद
Bihar News : Ara Railway Station, Operation Yatri Suraksha, RPF Ara, GRP Ara, Gang of Women Thieves Arrested, Bihar Rail Crime, Ara News, Bihar News
ARA : रेल यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी आरा की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह की पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से चोरी की ₹45,900 की नकदी, लाल रंग का पर्स, एक सोने का प्रतीत होने वाला लॉकेट तथा ₹500 नकद बरामद किया गया है। आरपीएफ पोस्ट आरा के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार एवं जीआरपी थाना आरा के थानाध्यक्ष रंधीर कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई आरा रेलवे स्टेशन पर की गई।
जानकारी के अनुसार, पटना निवासी प्रकाश कुमार अपने परिवार के सदस्यों को ट्रेन संख्या 13041 के ए-1 कोच में यात्रा के लिए बैठा रहे थे। इसी दौरान पांच महिलाओं ने योजनाबद्ध तरीके से परिवार की घेराबंदी कर उनकी माता के पर्स से ₹45,900 नगद से भरा लाल रंग का छोटा पर्स चोरी कर लिया। पीड़ित के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सोनू गौतम नाड़े (40), नयना शंकर नाड़े (32), खुशबू (30), शेषकला (35) और वनिता (25) के रूप में हुई है। सभी महाराष्ट्र के रामेश्वरी रिंग रोड टोली, थाना अंजनी, जिला नागपुर की रहने वाली हैं। तलाशी के दौरान सोनू गौतम नाड़े के पास से चोरी किया गया लाल पर्स और उसमें रखा ₹45,900 बरामद हुआ, जबकि नयना शंकर नाड़े के पास से एक सोने का प्रतीत होने वाला लॉकेट एवं ₹500 नकद बरामद किए गए, जिनके संबंध में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।
पूछताछ में सभी महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, को निशाना बनाकर उनके पर्स और कीमती सामान चोरी करती थीं। पुलिस अब गिरोह के आपराधिक इतिहास तथा अन्य राज्यों में इसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है। सभी आरोपित महिलाओं को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरपीएफ एवं जीआरपी ने कहा कि "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के तहत रेलवे परिसर में अपराधियों के विरुद्ध संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
आशीष की रिपोर्ट