Bihar Crime:लापता युवक का खौफनाक अंत, टंकी से बरामद हुई सड़ी-गली लाश, गुमशुदगी बनी रहस्य, परिवार में कोहराम
Bihar Crime:पुलिस ने हर्ल टाउनशिप परिसर स्थित एक पानी की टंकी से 35 वर्षीय युवक की सड़ी-गली लाश बरामद की।
Bihar Crime: बेगूसराय जिले के जीरोमाइल ओपी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने हर्ल टाउनशिप परिसर स्थित एक पानी की टंकी से 35 वर्षीय युवक की सड़ी-गली लाश बरामद की। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मामला अब रहस्य और शक के घेरे में आ गया है।
बरामद शव की पहचान पपरौर पंचायत वार्ड नंबर-6 निवासी स्वर्गीय रामचंद्र पासवान के पुत्र जगदीप पासवान के रूप में हुई है। शव की हालत इतनी ज्यादा खराब थी कि पहचान कर पाना बेहद मुश्किल था, लेकिन बाद में मृतक की मां फुला देवी ने किसी तरह उसकी पहचान की।
जानकारी के अनुसार, जगदीप पासवान 11 अप्रैल की शाम घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन इस पूरे दौरान न तो कोई गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी गई और न ही कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई।
परिवार के भीतर भी इस मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतक की मां फुला देवी लगातार बेटे की तलाश कर रही थीं, जबकि पत्नी विभा देवी द्वारा उन्हें बताया जाता रहा कि जगदीप दिल्ली गया हुआ है। इसी बयान ने अब मामले को और अधिक संदिग्ध बना दिया है। 19 अप्रैल को हर्ल टाउनशिप के पास स्थित पोखर के उत्तर दिशा में कुछ महिलाएं लकड़ी चुनने गई थीं, तभी उन्हें एक टंकी से तेज दुर्गंध महसूस हुई। शक होने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत जीरोमाइल ओपी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ओपी अध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और टंकी से शव को बाहर निकालकर कब्जे में लिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए पहले बेगूसराय भेजा गया, जबकि परिजनों की मांग पर कोर्ट के आदेश के बाद इसे दरभंगा भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इधर, मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक की मां फुला देवी ने अपनी पुत्रवधू विभा देवी पर गंभीर संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने विभा देवी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल यह मामला हत्या है या कोई और साजिश इस पर पुलिस जांच कर रही है। लेकिन सड़ी-गली लाश, अचानक गायब युवक और परिवार के भीतर के विरोधाभासी बयान ने पूरे मामले को एक रहस्यमयी और सनसनीखेज मोड़ दे दिया है।
रिपोर्ट- अजय शास्त्री