Bihar Crime: दो युवतियों की संदिग्ध मौत से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
Bihar Crime: बांका जिले में रविवार को दो अलग-अलग इलाकों में युवती और नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले सामने आने से सनसनी फैल गई।
Bihar Crime: बांका जिले में रविवार को दो अलग-अलग इलाकों में युवती और नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले सामने आने से सनसनी फैल गई। दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मौत की असल वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
पहली घटना बांका शहर के जगतपुर मोहल्ले की है, जहां 18 वर्षीय निधि कुमारी राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका जगतपुर निवासी ओमप्रकाश राय की पुत्री थी। परिजनों के मुताबिक रविवार तड़के करीब चार बजे जब परिवार के सदस्य सोकर उठे तो निधि अपने बिस्तर पर नहीं थी। इसके बाद घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर की छत पर उसका शव मिला।
शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लेते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
दूसरी घटना बांका टाउन थाना क्षेत्र के बैसा गांव की है। यहां चार माह पहले शादी हुई पूजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पूजा गांव निवासी किशोर सिंह की पुत्रवधू थी। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
चार माह पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार पूजा की शादी करीब चार माह पहले हुई थी। उसका पति दिल्ली में मजदूरी करता है और फिलहाल वहीं है। बताया गया कि रविवार दोपहर किसी बात को लेकर पूजा की अपनी सास से कहासुनी हुई थी। इसके बाद हुई घटना को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है।परिजनों के अनुसार पूजा रक्षाबंधन पर अपने मायके शंभूगंज प्रखंड के खपड़ा गांव गई थी और भाई को राखी बांधकर करीब चार दिन पहले ही ससुराल लौटी थी। इसके बाद उसकी संदिग्ध मौत हो गई।
फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अनुसंधान के निष्कर्ष के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट