Bihar Crime:बालू माफियाओं का खूनी तांडव, खनन टीम पर पथराव, जवान लहूलुहान, बिहार में कानून को खुली चुनौती
Bihar Crime:माफियाओं ने पहले सरकारी टीम को घेरने की कोशिश की और फिर अचानक पथराव शुरू कर दिया।...
Bihar Crime:बांका रजौन थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बालू माफियाओं ने जिस तरह सरकारी खनन टीम पर हमला बोला, उसने प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामपुर बालू घाट पर हुई इस वारदात ने यह संकेत दे दिया है कि इलाके में सक्रिय बालू तस्करों का नेटवर्क कितना संगठित और बेखौफ हो चुका है।
गुरुवार सुबह अवैध बालू उत्खनन और परिवहन की शिकायतों के सत्यापन के लिए जिला खनन विभाग की टीम वृंदावन गांव के समीप रामपुर घाट पहुंची थी। टीम में खनन पदाधिकारी, खनन निरीक्षक और पुलिस बल के जवान शामिल थे। कार्रवाई शुरू होते ही करीब 10 से 15 बाइक सवार बालू तस्कर मौके पर पहुंच गए और सरकारी कार्रवाई का विरोध करने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और तस्करों ने हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, माफियाओं ने पहले सरकारी टीम को घेरने की कोशिश की और फिर अचानक पथराव शुरू कर दिया। हमले में खनन विभाग के जवान मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं विभागीय वाहन पर बरसाए गए पत्थरों से उसका शीशा चकनाचूर हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
खनन विभाग के अधिकारियों ने साफ कहा है कि यह हमला केवल एक सरकारी टीम पर नहीं, बल्कि कानून और प्रशासनिक व्यवस्था पर सीधी चोट है। अधिकारियों के मुताबिक हमलावरों ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के साथ-साथ दहशत फैलाने की भी कोशिश की। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया है। कई संदिग्ध तस्करों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है क्या रजौन और आसपास के इलाकों में बालू माफियाओं का नेटवर्क इतना मजबूत हो चुका है कि वे सरकारी अधिकारियों और पुलिस बल पर भी हमला करने से नहीं डरते? स्थानीय लोगों का मानना है कि अवैध खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई के बावजूद कुछ गिरोह अब भी सक्रिय हैं और यही कारण है कि उनका दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है।फिलहाल पुलिस विशेष अभियान चलाकर हमलावरों की तलाश में जुटी है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कानून को चुनौती देने वाले बालू माफियाओं के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचकर कार्रवाई होगी।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट