Patna Crime: हथियार लहराकर झाड़ रही थी रौब, लेडी डॉन बनने का शौक चढ़ा, पुलिस ने उतारा दबंगई का भूत

Patna Crime: एक नाबालिग लड़की को रील में दबंग और लेडी डॉन’का किरदार निभाना महंगा पड़ गया। ..

Patna Lady Don Reel With Pistol Backfires Police Seize Weapo
पुलिस ने उतारा दबंगई का भूत- फोटो : reporter

Patna Crime: सोशल मीडिया पर रील बनाकर सुर्खियां बटोरने की चाहत कई बार लोगों को कानून के शिकंजे तक पहुंचा देती है। ऐसा ही एक मामला राजधानी पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की को रील में दबंग और लेडी डॉन’का किरदार निभाना महंगा पड़ गया। हाथ में देसी कट्टा लेकर बनाई गई उसकी रील वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और कुछ ही घंटों में पूरा मामला खुल गया।

जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की ने हाथ में असली देसी कट्टा लेकर एक वीडियो बनाया था। वीडियो में वह फिल्मी अंदाज में हथियार लहराते हुए दबंगई का प्रदर्शन कर रही थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही लोगों के बीच इसकी चर्चा शुरू हो गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया।नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। वायरल वीडियो के आधार पर लोकेशन और पहचान की पुष्टि करने के बाद पुलिस ने बाबूपुर गांव स्थित लड़की के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वीडियो में दिखाया गया देसी कट्टा भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने नाबालिग को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने लाया और हथियार को जब्त कर लिया। अब जांच का केंद्र इस बात पर है कि आखिर लड़की तक यह अवैध हथियार पहुंचा कैसे और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं किसी ने जानबूझकर उसे हथियार उपलब्ध कराकर वीडियो बनवाया तो नहीं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले वीडियो बनाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाती है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की होड़ में युवा किस हद तक जाने को तैयार हैं। कुछ लाइक्स और व्यूज़ के लिए हथियारों का प्रदर्शन न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि समाज में भी गलत संदेश देता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद यह साफ होगा कि इस कट्टा रील के पीछे केवल दिखावे की सनक थी या फिर इसके तार किसी और कहानी से जुड़े हुए हैं। एक बात जरूर साफ है सोशल मीडिया की दबंगई अब कानून की नजरों से बच नहीं रही।

रिपोर्ट- सुमित कुमार