Bihar Crime News: बिहार में दुष्कर्म के मामले को पंचायत में दबाने की कोशिश, पीड़िता को पांच लाख रुपये का लालच देने का आरोप

Bihar Crime News: अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। ....

Araria Rape Case
दुष्कर्म के मामले को पंचायत में दबाने की कोशिश- फोटो : social Media

Bihar Crime News: अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना के बाद इंसाफ दिलाने के बजाय कुछ वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों ने पंचायत के जरिए मामले को रफा-दफा कराने की कोशिश की। पीड़िता के परिजनों का दावा है कि उसे चुप रहने और शिकायत वापस लेने के एवज में एक लाख से लेकर पांच लाख रुपये तक देने का प्रस्ताव रखा गया। हालांकि, पंचायत में बात नहीं बनी तो पीड़िता मंगलवार को अपनी बहन के साथ रानीगंज थाना पहुंची और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।

पीड़िता की बहन के मुताबिक, घटना एक नवंबर को दोपहर करीब दो बजे की है। उस वक्त युवती अपने घर में स्थित किराना दुकान पर थी और घर में झाड़ू लगा रही थी। उसके पिता बाहर रहते हैं, जबकि मां गांव में मजदूरी करने गई हुई थी। इसी दौरान खरहट पंचायत के नंदकार गितवास निवासी दिनेश विश्वास कथित तौर पर दुकान के रास्ते घर में दाखिल हुआ। आरोप है कि उसने युवती के मुंह में कपड़ा ठूंसकर दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों को आपबीती बताई। परिवार का आरोप है कि इसके बाद मामले को पुलिस तक पहुंचाने के बजाय पंचायत के स्तर पर समझौता कराने की कोशिश शुरू हो गई।

दो दिनों तक चली पंचायत, एक लाख रुपये का प्रस्ताव देने का आरोप

पीड़िता की बहन ने आरोप लगाया कि घटना के बाद लगातार दो दिनों तक कुछ वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों ने पंचायत कर मामला दबाने का प्रयास किया। इस दौरान पीड़िता को एक से पांच लाख रुपये तक देने की पेशकश किए जाने की बात सामने आई है। परिजनों के मुताबिक, खरहट पंचायत के एक जनप्रतिनिधि ने कथित तौर पर एक लाख रुपये लेकर मामला खत्म करने की सलाह दी।परिवार ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। दो दिनों तक चली पंचायत में जब कोई सहमति नहीं बनी तो पीड़िता अपनी बहन के साथ थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के मुताबिक, पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में नामजद आरोपी दिनेश विश्वास (30) को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में अररिया भेजा जाएगा।यह मामला एक बार फिर गंभीर सवाल खड़ा करता है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की शिकायतों को पंचायत में समझौते और धन के प्रस्ताव के जरिए दबाने की कोशिश क्यों की जाती है। ऐसे मामलों में पीड़िता की सुरक्षा, निष्पक्ष जांच और कानून के मुताबिक कार्रवाई सबसे अहम है।