Bihar Crime: नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले व्यक्ति की मौत, लोगों का फूटा गुस्सा ,किया सड़क जाम

Bihar Crime: सूखा नशा और हेरोइन कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले व्यक्ति की गोली लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।...

Ara Drug Protester Dies After Shooting Road Blocked in Garha
नशे का विरोध करना पड़ा भारी- फोटो : reporter

Bihar Crime: भोजपुर जिले के गड़हनी वार्ड नंबर-4 में कथित सूखा नशा और हेरोइन कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले 48 वर्षीय मो. जफ्फी की गोली लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर गड़हनी बाजार के समीप सड़क जाम कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया। इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। परिजन और स्थानीय लोग गोलीकांड में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने के साथ स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की।

परिजनों का आरोप है कि मो. जफ्फी मोहल्ले में कथित तौर पर चल रहे हेरोइन के कारोबार का लगातार विरोध करते थे। वह सूखा नशा बंद कराने को लेकर मुखर थे। परिजनों के मुताबिक, हाल में चरपोखरी थाना क्षेत्र में सूखा नशा बंद कराने को लेकर आयोजित बैठक में भी उन्होंने हिस्सा लिया था।

परिजनों का दावा है कि नशे के कारोबार के खिलाफ सक्रियता के कारण ही उन्हें निशाना बनाया गया और गोली मारी गई। हालांकि, गोलीकांड की वास्तविक वजह क्या थी और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह अभी जांच का विषय है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।गोली लगने के बाद मो. जफ्फी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिजनों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। घटना की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी।

रिपोर्ट- आशीष कुमार