Bihar Crime: डबल मर्डर से थर्राया इलाका! गड़ासे से मां और भाई का गला काटा, हथौड़े से भी किया ताबड़तोड़ वार

Bihar Crime: जमीन विवाद में खूनी रिश्ते का कत्ल! जगदीशपुर के तेंदूनी गांव में मां-बेटे की बेरहमी से हत्या, बड़े बेटे और बहू को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ, एफएसएल टीम ने संभाला मोर्चा।

Ara Bihar Double Murder
डबल मर्डर से थर्राया इलाका!- फोटो : reporter

Bihar Crime:  भोजपुर जिले में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष में मां और बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। कातिल ने किसी और को नहीं, बल्कि अपने ही भाई और मां को मौत के घाट उतार दिया। दोनों पर धारदार हथियार (गड़ासे) से ताबड़तोड़ वार किए गए। इतना ही नहीं, लोहे के हथौड़े से भी उनके सिर और शरीर पर कई प्रहार किए गए। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है। दिल दहला देने वाली यह घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदूनी गांव की है।

मृतकों की पहचान तेंदूनी गांव निवासी रामवती देवी और उनके पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रामवती देवी अपने दूसरे बेटे सुनील कुमार के साथ रहती थीं। इसी दौरान पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर भाइयों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में एक भाई ने अपनी मां और सगे भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। गड़ासे से गला काटने के साथ दोनों पर लोहे के हथौड़े से भी बेरहमी से वार किया गया। हमले में मां-बेटे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

खूनी वारदात से गांव में मचा हड़कंप

दोहरी हत्या की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना जगदीशपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।

बड़े बेटे और बहू से पुलिस कर रही पूछताछ

घटनास्थल पर पहुंचे जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि रामवती देवी और सुनील कुमार मां-बेटे थे। दोनों की हत्या धारदार हथियार और हथौड़े से की गई है। सूचना मिलने के बाद वह स्वयं और थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर गहन छानबीन कर रही है। इस मामले में मृतका के बड़े पुत्र दिनेश उर्फ दीपक और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पूछताछ के बाद ही वारदात की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दोहरे हत्याकांड से तेंदूनी गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश और पूरे घटनाक्रम की तह तक पहुंचने में जुटी है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार