Anant Singh: अनंत सिंह बेटी की शादी में देंगे 2.5 करोड़ की डिफेंडर, बेटे के लिए भी BMW तैयार

Anant Singh: बिहार की सियासत में अपनी अलग पहचान रखने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की शहनाइयां गूंजने की तैयारी है। ...

Anant Singh
बेटी की शादी में करोड़ों के तोहफे- फोटो : social Media

Anant Singh:  बिहार की सियासत में अपनी अलग पहचान रखने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की शहनाइयां गूंजने की तैयारी है। उनकी छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होने जा रही है। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए परिवार की ओर से बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। शादी की रौनक, मेहमानों की खातिरदारी और करोड़ों रुपये के शाही तोहफे इस समारोह को लेकर चर्चा का विषय बने हुए हैं।

इस शादी में सबसे अधिक सुर्खियां अनंत सिंह की ओर से अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को दिए जाने वाले बेशकीमती तोहफे ने बटोरी हैं। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह उन्हें करीब 2 से 2.50 करोड़ रुपये की लग्जरी एसयूवी लैंड रोवर डिफेंडर भेंट करने जा रहे हैं। खास बात यह है कि गाड़ी पटना पहुंच चुकी है। हालांकि, इसके सटीक वेरिएंट और अंतिम कीमत को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

लैंड रोवर डिफेंडर देश की महंगी और शानदार एसयूवी में शुमार है। अपनी दमदार बनावट, शानदार ऑफ-रोड क्षमता और आलीशान इंटीरियर के लिए इसकी खास पहचान है। गाड़ी में आधुनिक तकनीक, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑल-व्हील ड्राइव और एडवांस ड्राइविंग असिस्टेंस जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इस तरह बेटी की विदाई से पहले दामाद को दिया जाने वाला यह तोहफा समारोह का बड़ा आकर्षण बन गया है।

छोटे बेटे के जनेऊ पर BMW की सौगात

शादी के जश्न के साथ अनंत सिंह के परिवार में एक और मांगलिक आयोजन होने जा रहा है। उनके छोटे बेटे अभिनव सिंह का जनेऊ संस्कार भी इसी दौरान आयोजित किया जाएगा। इस शुभ अवसर पर अनंत सिंह अपने बेटे को BMW कार भेंट करने की तैयारी में हैं। यानी एक ही पारिवारिक समारोह में दामाद के लिए डिफेंडर और बेटे के लिए BMW की सौगात चर्चा में है।

10 बीघा में सजेगा शादी का भव्य मंडप

25 नवंबर को अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में होने वाले इस विवाह समारोह को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। इसके लिए करीब 10 बीघा जमीन पर मंडप और विशाल पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। मेहमानों के स्वागत और खानपान के लिए भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं। करीब 150 से अधिक तरह के पकवान परोसने की तैयारी है। आयोजकों की योजना लगभग 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था करने की है।

बॉलीवुड और भोजपुरी सितारों का लगेगा जमावड़ा

इस शाही शादी में मनोरंजन जगत की नामचीन हस्तियों को भी न्योता भेजा गया है। पवन सिंह, अक्षरा सिंह और आयशा खान समेत बॉलीवुड तथा भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के करीब 36 कलाकारों को आमंत्रित किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा दुबई से छह मॉडल के भी समारोह में पहुंचने की तैयारी है।, शिवांगी की शादी और अभिनव के जनेऊ संस्कार को लेकर अनंत सिंह का परिवार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। करोड़ों के तोहफे, सितारों की मौजूदगी, शाही दावत और भव्य सजावट के बीच लदमा में होने वाला यह आयोजन बिहार के चर्चित पारिवारिक समारोहों में शामिल होने जा रहा है।