इंडो-नेपाल सीमा पर चल रहा था अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड और हवाला रैकेट, पुलिस ने छापेमारी कर 69 लाख रुपये किए जप्त
Bihar Crime : बिहार की मोतिहारी पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर चल रहे साइबर फ्राड और हवाला रैकेट का खुलासा किया है। यह गिरोह भारतीय नागरिकों से ठगे गए पैसे को नेपाली बैंक खातों में ट्रांसफर करता था। पुलिस ने बॉर्डर इलाके में छापेमारी कर 69 लाख रुपये...
Motihari : पूर्वी चंपारण जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां जिला मुख्यालय मोतिहारी अंतर्गत घोड़ासहन शहर में साइबर पुलिस और चार थानों की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड और हवाला रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सीमावर्ती इलाके की करीब आधा दर्जन दुकानों पर एक साथ छापेमारी कर लगभग 69 लाख रुपये की अवैध राशि जब्त की है। यह पैसा साइबर ठगी और हवाला के जरिए नेपाल भेजने की तैयारी थी। इस बड़ी कार्रवाई से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय सफेदपोश अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
नेपाली खातों में होता था पैसों का खेल
साइबर डीएसपी अभिनव पाराशर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय यह गिरोह भारतीय नागरिकों से ठगे गए पैसे को नेपाली बैंक खातों में ट्रांसफर करता है। तस्करों ने पैसों के ट्रांजैक्शन के लिए कई नेपाली बैंक अकाउंट्स और व्हाट्सएप नंबरों का एक जटिल जाल बिछा रखा था। जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह भारत में ठगी की रकम जमा करता था और फिर उसे हवाला के जरिए सीमा पार नेपाल भेज देता था।
6 शातिर गिरफ्तार, नोट गिनने की मशीन बरामद
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने गिरोह के 6 सक्रिय सदस्यों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से 11 हाई-टेक मोबाइल फोन, एक नोट गिनने की मशीन, कई नेपाली बैंक खातों के दस्तावेज और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। नोट गिनने की मशीन का मिलना इस बात का प्रमाण है कि यहां रोजाना लाखों-करोड़ों का अवैध लेन-देन किया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुँचा जा सके।
50 करोड़ से अधिक की हेराफेरी का अनुमान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। आंकड़ों और जब्त दस्तावेजों के विश्लेषण से पता चला है कि यह गिरोह अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध ट्रांजैक्शन को अंजाम दे चुका है। यह गैंग आम और गरीब लोगों के बैंक खातों का उपयोग (Rent Account) पैसे के लेन-देन के लिए करता था। इन खाताधारकों को ट्रांजैक्शन के बदले छोटा कमीशन दिया जाता था, जबकि गिरोह के मुख्य सदस्य इस अवैध धंधे से मोटी कमाई कर रहे थे।
सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित घोड़ासहन का इलाका अब साइबर पुलिस के रडार पर है। डीएसपी ने बताया कि जब्त किए गए कई भारतीय और नेपाली बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है। पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है जिनके खातों का इस्तेमाल इस हवाला नेटवर्क में किया गया था। इस कार्रवाई में स्थानीय चार थानों की पुलिस ने अहम भूमिका निभाई है और आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
हिमांशु की रिपोर्ट