घर से पटना जाने निकला युवक लापता, परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका

अमन के पिता रवींद्र सिंह ने बताया कि उनका बेटा 13 सितंबर को पटना जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उन्होंने अपने चेचेरे भाई गौतम पर शक जताते हुए कहा कि पूर्व के विवाद को लेकर उन्हें आशंका है

Athmalgola Missing Case
Athmalgola Missing Case- फोटो : news4nation

Bihar News : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा करजान गांव से 13 सितंबर से अमन कुमार नामक युवक लापता है। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने अथमलगोला थाने में अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया है। बेटे के लापता होने के बाद से उसके माता-पिता किसी अनहोनी की आशंका को लेकर बेहद चिंतित हैं।


अमन के पिता रवींद्र सिंह ने बताया कि उनका बेटा 13 सितंबर को पटना जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उन्होंने अपने चेचेरे भाई गौतम पर शक जताते हुए कहा कि पूर्व के विवाद को लेकर उन्हें आशंका है कि कहीं अमन के साथ कोई अनहोनी न हुई हो।


अमन की बहन शामली प्रिया ने बताया कि भाई घर से पटना जाने की बात कहकर निकला था। कई दिन बीत जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका है। बेटे के सकुशल लौटने की उम्मीद में माता-पिता दिनभर भगवान की पूजा-अर्चना कर उसकी सलामती की कामना कर रहे हैं। वहीं, आसपास के गांव के लोग भी परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अथमलगोला पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।


बाढ़ एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस लापता युवक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही घटना के संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

रवि शंकर की रिपोर्ट