आपसी विवाद में हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में महिला को लगी गोली, हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

Bihar Crime : बिहार के गया जिले में कहासुनी के बीच दबंगों द्वारा हथियार निकालकर फायरिंग कर दी गई। इस घटना में गोली लगने से एक महिला गंभीर रुप से जख्मी हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशर का माहौल व्याप्त है....

आपसी विवाद में हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में महिला को लगी गोली,
गोलीबारी में महिला को लगी गोली- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : जिले के टिकारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचमहला गांव से आपसी रंजिश और गोलीबारी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मामूली बात को लेकर शुरू हुआ आपसी विवाद इस कदर बढ़ गया कि दबंगों ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी की घटना में एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया और कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


कहासुनी के बीच अपराधियों ने मारी गोली

घायल महिला की पहचान पंचमहला गांव निवासी अखिलेश शर्मा की 45 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को किसी बात को लेकर घर के समीप ही आरोपियों से विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी होने लगी। इसी बीच आपा खो चुके अपराधियों ने अवैध हथियार निकालकर सीधे गोली चला दी, जो रिंकू देवी के हाथ में जा लगी। गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।


प्राथमिक उपचार के बाद गया मेडिकल कॉलेज रेफर

महिला को गोली लगने के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाई और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल टिकारी में भर्ती कराया। अस्पताल के चिकित्सकों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत उनका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, हाथ में गोली फंसे होने और गहरा जख्म होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (ANMMCH) गया रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार महिला को गंभीर चोट आई है।


पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

वारदात की जानकारी मिलते ही टिकारी थाना की पुलिस दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके की घेराबंदी की और मुख्य आरोपी कमलेश शर्मा को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने त्वरित तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।


आपसी विवाद में हुई घटना, जांच जारी

टिकारी पुलिस के प्रारंभिक अनुसंधान के अनुसार, पूरा मामला पूरी तरह से आपसी और पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि विवाद की मुख्य वजह क्या थी और आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


मनोज की रिपोर्ट