10 साल पुरानी मोहब्बत का बदला, बीच सड़क पर जानलेवा हमला, 4 भाई हुए गंभीर घायल

10 साल पहले एक युवक ने जिस लड़की से मोहब्बत की थी उसके साथ शादी नहीं कर पाया, यहां तक कि दोनों की शादी अलग-अलग जगह हो गई। लेकिन अब मोहब्बत का खूनी अंजाम देखने को मिला है.

 nawada crime news
nawada crime news- फोटो : news4nation

Bihar News :  नवादा जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जफरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 10 साल पहले की मोहब्बत को लेकर हुए विवाद में चार भाइयों पर उनके विरोधियों ने क्रूर हमला कर दिया। सभी घायल भाई नवादा सदर अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है। 


घटना के अनुसार, नवादा के गौसनगर निवासी दौलत सिंह, उनके भाई प्रिया रंजन कुमार, रामबरन सिंह और दुलार सिंह मुंबई से परिवार के साथ लौट रहे थे। रास्ते में अपनी बहन के घर जाने के लिए वे सामान लेकर निकले थे। इसी दौरान जफरा गांव के पास उन पर अचानक हमला बोल दिया गया। हमलावरों की मारपीट इतनी भीषण थी कि चारों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। 


प्रिया रंजन कुमार ने अस्पताल में दिए बयान में बताया कि 10 साल पहले उनके भाई दौलत सिंह ने जफरा गांव की एक लड़की से मोहब्बत की थी। बाद में दोनों की शादी अलग-अलग जगह हो गई। दौलत सिंह की भी शादी हो चुकी है। मुंबई में रहते हुए उनका कोई संबंध उस परिवार से नहीं रहा। फिर भी 10 साल बाद अचानक पुरानी बात को लेकर इस हमले को अंजाम दिया गया।


घायलों ने बताया कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला किया। सामान भी छीनने की कोशिश की गई। गंभीर हालत में चारों को नवादा सदर अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती किया। इलाज के बाद सभी घायल लिखित शिकायत देकर आरोपीयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे। नेमदरगंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर सबूत जुटा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश फैला हुआ है। लोग पुरानी रंजिश को लेकर ऐसे हमलों की निंदा कर रहे हैं।

अमन की रिपोर्ट