Bihar News:महुआ में हर घर पहुंचेगा गंगाजल, मंत्री संजय सिंह का बड़ा ऐलान, 750 करोड़ की योजना से बदलेगी तस्वीर

Bihar News: बिहार के महुआ विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं को लेकर पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने कई बड़े ऐलान किए हैं।...

Sanjay Singh
महुआ में हर घर पहुंचेगा गंगाजल- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के महुआ विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं को लेकर पीएचईडी मंत्री संजय सिंह ने कई बड़े ऐलान किए हैं। शारदीय नवरात्र के दौरान पूजा पंडालों के भ्रमण पर पहुंचे मंत्री ने क्षेत्र की जनता को सुविधाओं की सौगात देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि महुआ में आजादी के बाद से जितना काम नहीं हुआ, उससे अधिक काम अगले पांच वर्षों में कराने का प्रयास करेंगे। इसके लिए उन्होंने लोगों से सहयोग और थोड़ा धैर्य बनाए रखने की अपील की।

मंत्री संजय सिंह ने सबसे बड़ा ऐलान गंगाजल को लेकर किया। उन्होंने कहा कि करीब 750 करोड़ रुपये की योजना के तहत गंगा नदी का पानी महुआ तक लाया जाएगा और हर घर के नल तक गंगाजल पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा। गर्मी के मौसम में पेयजल की किल्लत और पानी खरीदकर पीने की मजबूरी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को राहत देने के लिए विभाग काम कर रहा है। इसके साथ ही क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर ठंडे पेयजल की व्यवस्था करने की भी बात कही।मंत्री ने महुआ अनुमंडल मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक युवाओं के लिए जिम खोलने की घोषणा की। वहीं, बाजार आने वाली महिलाओं की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए अनुमंडल मुख्यालय और पंचायत स्तर पर लगने वाले हाट-बाजारों में डीलक्स शौचालय बनाने की बात कही। इन सुविधाओं से महिलाओं और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई गई।

नवरात्र के दौरान संजय सिंह ने महुआ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का दौरा किया। इस क्रम में वे बरहर चौक और जहांगीरपुर सलखन्नी पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए विधानसभा चुनाव में समर्थन देने के लिए आभार जताया।

मंत्री की इन घोषणाओं के बाद क्षेत्र में पेयजल, स्वच्छता और युवाओं की सुविधाओं को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। हालांकि, गंगाजल परियोजना, जिम और डीलक्स शौचालयों के निर्माण की समयसीमा तथा क्रियान्वयन का विस्तृत ब्योरा सामने आना बाकी है। अब लोगों की निगाहें इन घोषणाओं को जमीन पर उतारने की दिशा में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

रिपोर्ट-ऋषभ कुमार