Patna Ravan Dahan:पटना में रावण दहन से पहले हाई अलर्ट, गांधी मैदान में हो रही सघन जांच

Patna Ravan Dahan:राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 71वें रावण दहन कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।...

Patna Ravan Dahan
पटना में हाई अलर्ट- फोटो : reporter

Patna Ravan Dahan:राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 71वें रावण दहन कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दशहरा के इस भव्य आयोजन से पहले पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पटना रामलीला दशहरा ट्रस्ट कमिटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वायड की टीम ने गांधी मैदान में सघन तलाशी अभियान चलाया। मैदान के चप्पे-चप्पे की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्यपाल समेत कई गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है। वीवीआईपी आगमन और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं। मैदान के विभिन्न हिस्सों की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके और किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके।

इस वर्ष रावण दहन समारोह को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। आयोजन में रावण का 90 फीट ऊंचा, मेघनाद का 85 फीट ऊंचा और कुंभकर्ण का 80 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। इन विशालकाय पुतलों के दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।

सुरक्षा के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गांधी मैदान के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। पुलिसकर्मियों की तैनाती, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों के जरिए आयोजन को शांतिपूर्ण बनाने की कोशिश की जा रही है।

दशहरा के इस प्रमुख आयोजन को लेकर प्रशासन की तैयारी तेज है। अब लोगों को रावण दहन के भव्य नजारे का इंतजार है, वहीं सुरक्षा एजेंसियों की प्राथमिकता समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना है।

रिपोर्ट- अनिल कुमार