हत्या मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर की कुर्की, अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

वैशाली जिले में हत्या मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घर पर इश्तिहार चस्पा करने के बावजूद सरेंडर नहीं करने वाले आरोपियों के घर पुलिस ने कुर्की जब्ती की है.....

हत्या मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवा
हत्या मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां जमीन विवाद में हुई हत्या के फरार आरोपियों पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कस दिया है। सदर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में चार फरार आरोपियों के घरों पर पुलिस ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी है, वहीं इस दौरान उनके अवैध निर्माण पर बुलडोजर भी चलाया गया है। यह पूरी कार्रवाई एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न हुई।


26 जून को भूमि विवाद को लेकर की गई थी आमोद राम की हत्या

घटना के संबंध में जानकारी मिली है कि गत 26 जून को भूमि विवाद को लेकर धारदार हथियार से हमला कर आमोद राम की हत्या कर दी गई थी। इस हिंसक झड़प और हमले में उनकी चाची भी गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। इस मामले में मृतक के बेटे विकास कुमार के लिखित बयान पर कुल पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।


वारंट और इश्तिहार के बावजूद आरोपियों ने नहीं किया आत्मसमर्पण

पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड में एक आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य चार आरोपी लगातार फरार चल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। अदालत द्वारा 11 जुलाई को वारंट और 29 जुलाई को इश्तिहार जारी किए जाने के बावजूद जब आरोपियों ने सरेंडर नहीं किया, तो कोर्ट से कुर्की वारंट मिलने के बाद पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया।


मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर की कुर्की और अवैध निर्माण ध्वस्त

इस कार्रवाई के दौरान मौके पर मजिस्ट्रेट की मुस्तैदी में आरोपियों के घरों के सामान की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके साथ ही, उनके द्वारा किए गए अवैध निर्माण को भी बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान एसडीपीओ गोपाल मंडल के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा।


आरोपियों की गिरफ्तारी तक आगे भी जारी रहेगी पुलिस की सख्ती

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आमोद राम हत्याकांड में शामिल फरार चल रहे आरोपियों पर शिकंजा लगातार कसा जा रहा है। जब तक इस मामले से जुड़े सभी बचे हुए आरोपी कानून की गिरफ्त में नहीं आ जाते, तब तक इस तरह की सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रिषभ की रिपोर्ट